देवरिया। प्रभु श्री राम का जन्मोत्सव यानी राम नवमी चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन चैत्र नवरात्र की अंतिम तिथि भी होती है। साल 2024 में राम नवमी 17 अप्रैल को आने वाली है, जो अपने साथ कई दुर्लभ और शुभ संयोग लाने वाली है। ज्योतिष के अनुसार इस वर्ष ग्रह नक्षत्र एक बार फिर काफी हद तक उसी स्थिति में रहेंगे जैसे राम जन्म के समय थे। ऐसे में कुछ राशियां ऐसी हैंस जिनपर इसका शुभ प्रभाव पड़ेगा। आइए जानते हैं वो कौन सी राशियां हैं, जिनके लिए ये रामनवमी विशेष फलदायी होने वाली है। यह भी जानेंगे कि किन कारणों से यह राम नवमी विशेष है।
शुभ स्थिति में होंगे सूर्य, बनेगा गजकेसरी योग
प्रभु श्री राम का जन्म कर्क लग्न में हुआ था। इस बार भी राम नवमी पर चंद्रमा कर्क राशि में विराजमान रहेगा। भगवान राम के जन्म के समय सूर्य दशम भाव में मौजूद रहकर अपनी उच्च राशि में था, संयोग वश इस बार भी राम नवमी पर सूर्य अपनी उच्च राशि मेष में रहकर दोपहर के समय दशम भाव में मौजूद रहेगा। श्रीराम की कुंडली में गजकेसरी योग था जो इस राम नवमी पर भी देखा जा सकता है। इस योग के होने पर व्यक्ति गज के समान शक्ति और धन दौलत प्राप्त करता है। इन विशेष संयोगों का शुभ संकेत मेष, कर्क और तुला राशि वालों को देखने को जरूर मिलेगा।
कर्क राशि पर क्या होगा प्रभाव
कर्क राशि वालों के लिए राम नवमी का त्योहार शुभ सूचना लेकर आने वाला है। इस बार इनपर प्रभु की विशेष कृपा बनेगी। लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे जातकों को अच्छी नौकरी मिलने के पूरी संभावना है। व्यापार से जुड़े जातकों को व्यापार में लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। इन्हें आय से जुड़े कुछ ना कुछ लाभ देखने को मिल सकते हैं। इतना ही नहीं सामाजिक मान प्रतिष्ठा में भी बढ़ोतरी की संभावना है।
मेष राशि वालों को मिलेगा आर्थिक लाभ
मेष राशि वालो के लिए यह राम नवमी सबसे ज्यादा खास होने वाली है। इस बार मेष राशी को आर्थिक रूप से लाभ मिलने के पूरे संकेत हैं। इन जातकों को किसी ना किसी तरह से आर्थिक लाभ मिलने के पूरे आसार हैं। मेष राशि वालों को सैलरी में बढ़ोतरी, पैतृक संपत्ति मे लाभ आदी से आर्थिक संबल मिलने के योग हैं।
तुला राशि वालों के रुके हुए काम बनाएंगे श्री राम
तुला राशि वालों के लिए यह राम नवमी खास मौके लेकर आने वाली है। अगर किसी नए काम की शुरुआत के बारे में सोच रहे हैं तो राम नवमी आप के लिए सबसे शुभ अवसर होगा। इस दिन किसी भी काम की शुरुआत करने पर सफलता निश्चित मिलेगी। नौकरी या व्यवसाय में अपने से बड़े पद पर बैठे अधिकारियों का साथ मिलेगा।