देवरिया। भारत में कॉफी और चाय का एक खास महत्व है। यहां लोगों की सुबह का आगाज चाय या कॉफी के बिना अधूरा माना जाता है। कॉफी उत्पादन के मामले में भारत दुनिया के टॉप-10 देशों में शामिल है। अब भारत की ‘साउथ इंडियन फिल्टर कॉफी’ ने एक और खास पहचान बना ली है। यह कॉफी दुनिया की दूसरी सबसे बेहतरीन कॉफी के रूप में चुनी गई है।

38 कॉफियों में दूसरा स्थान

दुनिया की 38 बेहतरीन कॉफियों की लिस्ट में भारत की ‘साउथ इंडियन फिल्टर कॉफी’ को दूसरा स्थान मिला है। यह रैंकिंग टेस्टएटलस नाम की एक मशहूर गाइड ने जारी की है। इस लिस्ट में पहला स्थान ‘क्यूबन एस्प्रेसो’ को मिला है, जो अपनी तीखी महक और अनोखे स्वाद के लिए जानी जाती है।

कैसे बनती है साउथ इंडियन फिल्टर कॉफी?

साउथ इंडियन फिल्टर कॉफी एक खास प्रकार के फिल्टर से बनाई जाती है। इस फिल्टर में दो हिस्से होते हैं, एक जालीदार ऊपरी हिस्सा और एक निचला हिस्सा, जहां तैयार कॉफी इकट्ठा होती है। जाली वाले हिस्से में कॉफी पाउडर डाला जाता है और फिर उसमें गर्म पानी डाला जाता है। धीरे-धीरे, यह कॉफी नीचे वाले पॉट में टपकती है। इसके बाद इस लिक्विड कॉफी में दूध और चीनी मिलाई जाती है। कई साउथ इंडियन परिवार रात में ही फिल्टर तैयार कर देते हैं ताकि सुबह बढ़िया कॉफी मिल सके।

टॉप-10 कॉफियों की लिस्ट

दुनिया की टॉप-10 कॉफियों में ‘साउथ इंडियन फिल्टर कॉफी’ को दूसरा स्थान मिला है। ये है दुनिया की टॉप-10 बेस्ट कॉफी
1. क्यूबन एस्प्रेसो
2. साउथ इंडियन फिल्टर कॉफी
3. एस्प्रेसो फ्रीडो
4. फ्रीडो कैपिचिनो
5. कैफे बॉमबॉन
6. कैपिचिनो
7. टर्किश कॉफी
8. रिस्ट्रेटो
9. फ्रैप कॉफी
10. वियतनामी आइस्ड कॉफी