देवरिया न्यूज़

: :

18 दिन बाद अंतरिक्ष से सुरक्षित लौटे शुभांशु शुक्ला, देखिए पहली तस्वीर

देवरिया। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 18 दिन अंतरीक्ष में रहने के बाद धरती पर सुरक्षित लैंड कर गए हैं। शुभांशु शुक्ला का अंतरिक्ष यान मंगलवार की दोपहर कैलीफोर्निया के तट पर सुरक्षित रूप से उतरा।  शुभांशु की लैंडिंग को हजारों लोगों ने लाइव देखा। शुभांशु के माता-पिता ने भी उनकी लैंडिग का सीधा प्रसारण देखा, उन्होंने कहा यह हमारे लिए काफी गौरवपूर्ण क्षण है।

मुस्कुराते हुए नजर आए शुभांशु

शुभांशु शुक्ला की लैंडिंग का सीधा प्रसारण किया जा रहा था जिसपर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई थी जैसे ही स्पेस एक्स का ड्रैगन कैप्सूल स्प्लैशडाउन हुआ, शुभांशु उसमें से बाहर निकले। शुभांशु के चेहरे पर बड़ी सी मुस्कान थी जो उनके सफल अंतरिक्ष यात्रा को बयां कर रही थी। बाहर आते ही उन्होंने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया। शुभांशु के साथ गए  और दूसरे अंतरिक्ष यात्रियों ने भी धरती पर सफल लैंडिंग कर ली है। सभी अंतरिक्ष यात्रियों को सबसे पहले रिकवरी जहाज पर ले जाया गया जहां उनकी मेडिकल जांच की गई।

शुभांशु के नाम हुए 2 रिकॉर्ड

इस मिशन पर शुभांशु शुक्ला ने दो रिकॉर्ड बनाए हैं। पहला तो वो इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय नागरिक बन गए हैं। वहीं दूसरे रिकॉर्ड के रूप में शुभांशु राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में कदम रखने वाले दूसरे भारतीय भी बन गए हैं।

पीएम मोदी ने पोस्ट कर दी बधाई

पीएम मोदी ने शुभांशु शुक्ला के लौटने पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा- “मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं, जो अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौट आए हैं. अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में उन्होंने अपने समर्पण, साहस और अग्रणी भावना से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है. यह हमारे अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन गगनयान की दिशा में एक और मील का पत्थर है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी किया पोस्ट


आपको बता दें ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं। इसलिए यह मौका उत्तरप्रदेश के लोगों के लिए और भी खास रहा। इस मौके पर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर शुभांशु शुक्ला को बधाई दी। उन्होंने लिखा- “Welcome back to Earth!

ऐतिहासिक AxiomMission4 को सकुशल संपन्न कर सफल वापसी पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला जी व उनकी टीम को हार्दिक बधाई!

आपकी उपलब्धि साहस, समर्पण और विज्ञान के प्रति संकल्प का गौरवपूर्ण प्रतीक है। आज हर भारतीय, विशेषकर उत्तर प्रदेश वासी गौरवान्वित है।

भारत आपके स्वागत को उत्सुक है।”

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *