देवरिया।महाराष्ट्र के पालघर में चलती ट्रेन में हुई फायरिंग में 4 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है वारदात जयपुर से मुंबई जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में हुई, जहां एक RPF कॉन्सटेबल ने पहले तो अपने सीनियर ASI पर अचानक फायरिंग कर दी, उसके बाद दूसरी बोगी में जाकर 3 दूसरे पैसेंजर्स की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना मेंASI और 3 यात्रियों की मौत हो गई। आरोपी आरपीएफ कॉन्सटेबल का नाम चेतन बाताया जा रहा है। जिसे मीरा रोड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है कॉन्सटेबल
साथ में सफर कर रहे दूसरे यात्रियों की मुताबिक घटना के कुछ देर पहले कॉन्सटेबल और उसके सीनियर ASI के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी और कॉन्सटेबल काफी गुस्से में था, जिसके कारण उसने अधाधुंध गोली चला दी। यह वारदात सोमवार के सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। पालघर और मुंबई के बीच दहिसर के पास ट्रेन के B-5 कोच में यह घटना हुई। आरोपी कॉन्सटेबल मानसिक रूप से परेशान और अस्थिर बताया जा रहा है। फायरिंग होते ही पूरे कोच के लोग सकते में आ गए और कुछ देर के लिए ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई थी।
घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
यह घटना अपने आप में दिल दहलाने वाली है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिस समय यह घटना हुई आरोपी कॉन्सटेबल ड्यूटी पर तैनात था। पुलिस को सुबह करीब 6 बजे वारदात की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस जवान तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। आरोपी कॉन्सटेबल को गिरफ्तार करके पुलिस घटना के सही कारणों की जांच करने में लगी हुई है। घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान भी किया गया है।