देवरिया। हरियाणा के महेंद्रगढ़ के कनीना के गांव में 11 अप्रैल गुरुवार को उन्हानी के पास स्कूल बस पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 6 मासूम बच्चों की मौत हो गई जबकि कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में लगी हुई है। इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि ईद की छुट्टी होने के बाद भी स्कूल क्यों लगाया जा रहा था।

ओवरटेक बताया जा रहा है हादसे की वजह

हादसे के कुछ प्रत्यक्षदर्शी और घायल बच्चे जो बात करने की स्थिति में थे उन्होंने बताया कि ड्राइवर शराब के नशे में था और बस की स्पीड भी काफी तेज थी। अचानक मोड़ आने पर बस नियंत्रित नहीं हो पाई और पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद तुरंत आस पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन ने अपने मोबाइल नंबर स्विच ऑफ कर लिए और किसी भी तरह के सवालों के जवाब देने से बच रहे हैं।

शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने दिए FIR के निर्देश
हरियाणा की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने अस्पताल पहुंचकर छात्रों का हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने सीमा त्रिखा ने कहा कि- “निजी स्कूल संचालक व्यापार करना बंद करें। कहा कि निजी स्कूल संचालक को नियमों का पालन करना चाहिए। मंत्री ने कहा कि ड्राइवर के साथ-साथ स्कूल के प्रिंसिपल व मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। ईद के अवकाश के दिन स्कूल खोलना गंभीर बात है। इसको लेकर प्रदेश के सभी शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ की कड़ी कार्रवाई जाएगी।”
पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि- “हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने बच्चों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने व्यक्त की संवेदना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि- “हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्कूल बस दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिजनों को यह क्रूर राआघात सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

हरियाणा सीएम नायब सैनी ने जताया दुख
हादसे पर हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने कहा कि- “महेंद्रगढ़ के कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से आहत हूं। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने मासूम बच्चे खोए हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए मुस्तैद है। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”