देवरिया।समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए टीकमगढ़ जिले के जतारा विधानसभा पहुंचे हुए थे। यहां पर उन्होंने सपा प्रत्याशी के लिए जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अखिलेश यादव कांग्रेस पार्टी और विपक्षी गठबंधन पर बरसते हुए नजर आए। उन्होंने मंच से खुले तौर पर कांग्रेस पार्टी का विरोध किया और जनता से कांग्रेस को वोट ना देने तक की अपील कर डाली।आने वाले लोकसभा चुनावमें एनडीए को हराने के लिए बनाए गए विपक्षी गठबंधन के बीच विधानसभा चुनावों के दौरान ही दरारें नजर आने लगी हैं।


कांग्रेस को बताया धोखेबाज पार्टी

अखिलेश यादव ने कांग्रेस को धोखेबाज पार्टी बताते हुए कहा कि- “अगर आपको राशन के नाम पर कुछ नहीं मिल रहा है, तो आप बीजेपी को वोट क्यों देंगे? कांग्रेस को वोट भी न दें, बहुत चालू पार्टी है कांग्रेस। इनसे सावधान रहने की जरूरत है। अगर कांग्रेस हमें धोखा दे सकती है तो आपके साथ क्या नहीं कर सकती, कांग्रेस को भी वोट मत देना। कांग्रेस वोटों के लालच के लिए जातिगत जनगणना की बात करती है।”


जातीय जनगणना रोकने वाली पार्टी है कांग्रेस: कांग्रेस
जातीय जनगणना के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि- “इस देश में अगर जातीय जनगणना को किसी राजनीतिक पार्टी ने रोका तो वह कांग्रेस पार्टी है और कांग्रेस ने ही मंडल कमिशन की सिफारिश को भी रोक कर रखा है, उसी रास्ते पर बीजेपी चल रही है। जातीय जनगणना का जो सवाल उठा है उसका चमत्कार देखिए कांग्रेस कह रही है जातीय जनगणना होनी चाहिए, वहीं बीजेपी जो पिछड़ों के आरक्षण के खिलाफ रही वो भी आज जातीय जनगणना की बात कर रही है। चुनाव आ गया है PDA की ताकत को वो समझ गए हैं।”

बीजेपीसरकार पर भी साधा निशाना

जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा-“बीजेपी का काम करने का तरीका अलग है वो लूट पर भरोसा करते हैं। ये लोकतंत्र पर नहीं लूटतंत्र पर भरोसा करते हैं, चाहे वो उत्तर प्रदेश हो या दूसरे प्रदेश हो। इनकी सरकार नहीं थी लेकिन न जाने इन्होंने विधायकों को कौन सा प्रसाद दिया कि विधायक कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी के संग चले गए।”