देवरिया। सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत राय का अंतिम संस्कार गुरुवार को लखनऊ में किया जाएगा। मंगलवार को हार्ट अटैक आने से मुंबई के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया था। बीते कुछ महीने से वो अस्पताल में भर्ती थे जहां उनका इलाज चल रहा था। उन्हें स्वास्थ्य संबंधित कई प्रकार की शिकायतें थी। बुधवार शाम तक उनका पार्थिव शरीर विशेष विमान से लखनऊ पहुंच गया था, जहां सहारा सिटी में पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया दु:ख
प्रदेश के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुब्रत रॉय के निधन पर शोक व्यक्त किया, उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा-
“सहारा समूह के प्रमुख श्री सुब्रत रॉय जी का निधन अत्यंत दुःखद है।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें।
ॐ शांति!”
सहारा के निवेशकों का क्या होगा
सहारा प्रमुख के निधन पर एक ओर जहां शोक है, वहीं दूसरी तरफ सहारा के निवेशकों में इस बात की चिंता है कि सहारा में निवेश किए पैसों का क्या होगा। आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने 2012 में सहारा ग्रुप को आदेश दिया था कि वह निवेशकों को ब्याज के साथ उनका पैसा लौटाए। इस आदेश के बाद केंद्र सरकार ने निवेशकों के पैसे वापस देने के लिए सहारा रिफंड पोर्टल शुरू किया था। इस पोर्टल पर आवेदन देने के बाद निवेशकों को उनकी राशि वापस मिल जाएगी। रिफंड के लिए अगर निवेशक को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी आती है तो वह टोल फ्री नंबरों ( 1800 103 6891 / 1800 103 6893 ) पर संपर्क कर सकते हैं।
सुब्रत राय पर बनने वाली थी फिल्म
फिल्म निर्माता संदीप सिंह और जयंतीलाल गड़ा सुब्रत रॉय की जिंदगी पर फिल्म बनाने जा रहे थे। उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘सहाराश्री’ का एलान किया था। यह फिल्म सहारा इंडिया परिवार के संस्थापक के जीवन पर आधारित एक बायोपिक है। इस एलान के साथ सुदीप्तो सेन, संदीप सिंह और जयंतीलाल गड़ा ने ‘सहाराश्री’ का मोशन पोस्टर भी रिलीज किया है। अब देखना होगा कि फिल्म कब शुरु होती है और कब तक दर्शकों तक पहुंचती है।