देवरिया: लखीमपुर खीरी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है और 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों बेहतर ट्रीटमेंट के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। ट्रक और बस की टक्कर से हुए इस भीषण हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दु:ख जताया है।

प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) से 2 लाख रुपए के मुआवजे देने का ऐलान किया है। साथ ही घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर करने और घायलों के इलाज की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

घायलों से मिलने गईं कमिश्नर क्यों रो पड़ीं
इस दौरान मंडल आयुक्त रोशन जैकब जब घायलों से मिलने अस्पताल पहुंची तो एक मां के आंसू देखकर खुद भी रो पड़ीं। दरअसल कुछ दिन पहले लखीमपुर में बारिश की वजह से दीवार गिरने से एक बच्चा घायल हो गया था और जिला हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा था। चिकित्सकों ने अधिकारी को बताया कि बच्चे की हालत गंभीर है और उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई है। बच्चा दर्द से कराह रहा था और मां फफक कर रो रही थी। कमिश्नर वहां रुकीं और बात करने लगी। इस दौरान मां-बेटे का दर्द देखकर उनकी भी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने बच्चे के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और मां को आश्वस्त किया। इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

http://newsdeoria.com/in-lata-didi-honour-a-chowk-is-being-named-after-her-in-ayodhya/