देवरिया: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। यह मुलाकात लखनऊ में मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी भी मौजूद रहे। रिंकू सिंह ने मुख्यमंत्री योगी को पुष्प भेंट किए और अपने बल्ले पर ऑटोग्राफ भी लिया। रिंकू सिंह अगले कुछ हफ्तों तक यूपी टी-20 लीग के लिए लखनऊ में रहेंगे।
मेरठ मेवरिक्स के कैप्टन हैं रिंकू सिंह
रिंकू सिंह यूपी टी-20 लीग में मेरठ मेवरिक्स की कप्तानी कर रहे हैं, जो लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल इकाना स्टेडियम में हो रही है। सीएम योगी से मुलाकात के बाद रिंकू सिंह ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल पर तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से मिलकर बहुत गर्व महसूस हुआ। इस अवसर के लिए मैं आभारी हूं।”
यूपी टी-20 लीग का दूसरा सीजन
आपको बता दें कि यूपी टी-20 लीग के दूसरे सीजन की शुरुआत 25 अगस्त को हुई हैं। पहले मैच में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास और मेरठ मेवरिक्स के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें मेरठ मेवरिक्स ने सात विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। रिंकू सिंह की कप्तानी में मेरठ मेवरिक्स ने शानदार गेंदबाजी की और काशी रुद्रास को 19.2 ओवर में 100 रन पर ऑलआउट कर दिया। 101 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए, मेरठ मेवरिक्स ने नौ ओवर में ही जीत हासिल कर ली। स्वास्तिक चिकारा ने मात्र 26 गेंदों में 6 छक्कों के साथ 66 रन बनाए, जबकि रिंकू सिंह ने विनिंग सिक्स लगाकर मैच को खत्म किया।