देवरिया। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया। शुक्रवार की सुबह 4:36 बजे ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह 60 वर्ष के थे और लंबे समय से लीवर कैंसर से जूझ रहे थे।जानकारी के अनुसार, खानचंद सिंह का अंतिम संस्कार अलीगढ़ में कर दिया गया। रिंकू सिंह के बड़े भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी, जबकि रिंकू ने अपने पिता के पार्थिव शरीर को कांधा दिया। इस दौरान परिवार और करीबी लोग मौजूद रहे।
युवराज और धवन ने जताया शोक
टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा- “रिंकू के पिता के गुजर जाने की खबर सुनकर दिल टूट गया। ऐसे पलों में कोई भी शब्द काफी नहीं लगता। इस मुश्किल समय में हम आपके और आपके परिवार के साथ हैं। उम्मीद है कि आपको अपने आस-पास के प्यार में ताकत और हिम्मत मिलेगी।”
वहीं टीम इंडिया के पूर्व ओपनर शिखर धवन ने भी एक्स पर लिखा- “रिंकू, आपको और आपके प्रियजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं। आपके पिता की आत्मा को शांति मिले और इस मुश्किल समय में आपको हिम्मत मिले। ओम शांति।”
बीसीसीआई ने दी जानकारी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से बताया गया कि रिंकू सिंह पिता के निधन की खबर मिलते ही समय से ग्रेटर नोएडा पहुंच गए थे। वहां से परिवार के साथ अलीगड़ के पहुंचे। परिवार में हुए इस बड़े शोक की वजह से अब वो कोलकाता में होने वाले अगले मैच का हिस्सा नहीं होंगे।
संघर्ष से भरी रही पारिवारिक पृष्ठभूमि
रिंकू सिंह के परिवार में पांच भाई हैं। उनके पिता सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी। कठिन हालात के बावजूद रिंकू को क्रिकेटर बनने और लगातार मेहनत करने की प्रेरणा उनके पिता से ही मिली। पिता के निधन से रिंकू सिंह और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्रिकेट जगत से लगातार संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।