देवरिया। दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के बाद सभी की निगाहें सीएम के ऐलान पर अटकी हुई थी। बुधवार शाम को रेखा गुप्ता का नाम दिल्ली के सीएम के रूप में होने के बाद यह सस्पेंस भी खत्म हो गया। आइए जानते हैं कौन है रेखा गुप्ता जिन्होंने पहली बार विधायक चुनाव जीता है फिर भी बीजेपी आला कमान ने उनपर भरोसा जताया है।
शालीमार बाग से जीता है चुनाव
रेखा गुप्ता 3 बार पार्षद का चुनाव जीत चुकी हैं लेकिन विधायक के रूप मे पहली बार चुन कर आई हैं। वो बीजेपी से लंबे समय से जुड़ी हुई हैं उनकी इमेज पार्टी की कर्मठ और मेहनती कार्यकर्ता के रूप में है। दिल्ली में उनकी राजनीतिक पकड़, नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए चुना गया है। आपको बता दें रेखा गुप्ता ने विधानसभा चुनावों में आप प्रत्याशी को लगभग 30 हजार वोटों से मात दी है।
क्या है रेखा गुप्ता का एजुकेशन?
रेखा गुप्ता की पढ़ाई दिल्ली से ही हुई है उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के दौलतराम कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। 1992 में वो कॉलेज से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ गुई थीं। 1996-97 में उन्हें दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) का अध्यक्ष भी चुना गया था। 2007 में उन्हें नॉर्थ पीतमपुरा से काउंसलर के रूप में चुना गया था। उन्होंने दक्षिण दिल्ली नगर निगम के मेयर के रूप में भी काम किया है।
BJP के अहम पद संभाल चुकी हैं रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता का नाम सीएम पद के लिए ऐसे ही नहीं चुना गया है। बीजेपी से जुड़ने के बाद लगातार उन्होंने खुद को साबित किया है। उन्होंने भाजपा में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली है। रेखा गुप्ता भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और दिल्ली भाजपा में महासचिव का पद भी संभाल रही थीं। वह लंबे वक्त से आरएसएस की सक्रिय सदस्य हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद रेखा गुप्ता 2003-04 में दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा की सेक्रेटरी बनीं थीं।