देवरिया।  दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा सरकार की स्थापना हो चुकी है। शालिमार बाग से विधायक चुनकर आईं  रेखा गुप्ता ने रामलीला मैदान में हुए भव्य शपथ ग्रहण समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली। बुधवार को उन्हें बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया था। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्र के सभी बड़े मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेतागण और पदाधिकारी मौजूद रहे। आपको बता दें शपथ ग्रहण समारोह में आप का कोई भी नेता या विधायक शामिल नहीं हुआ।

 इन्होंने ली मंत्री पद की शपथ

रेखा गुप्ता के सीएम पद की शपथ के साथ ही नए मंत्रीमंडल ने भी शपथ ली। दिल्ली कैबिनेट में कुल 6 मंत्रियों को जगह दी गई है। इनमें प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। प्रवेश वर्मा दिल्ली के डिप्टी सीएम के रूप में काम करेंगे।

मंत्रियों को मिला कौन-कौन सा विभाग?

शपथ ग्रहण के बाद देर शाम मंत्रियों को विभागों का भी बंटवारा कर दिया गया। सीएम रेखा गुप्ता के पास 10 से ज्यादा विभाग हैं वहीं डिप्टी सीएम प्रवेश वर्मा को 3 विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। आइए देखते हैं किन-किन मंत्रियों को कौन-कौन से विभाग दिए गए है।

सीएम रेखा गुप्ता – GAD, सेवाएं, वित्त, राजस्व, WCD, लैंड एंड बिल्डिंग, पब्लिक रिलेशन, विजिलेंस, और प्रशासनिक सुधार विभाग, योजना विभाग, अन्य वे विभाग जो किसी मंत्री के नाम आवंटित नहीं।

प्रवेश साहिब सिंह- PWD विधायी मामले, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, जल, गुरुद्वारा चुनाव

आशीष सूद- गृह, ऊर्जा, शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा प्रशिक्षण

मनजिंदर सिंह सिरसा उद्योग, खाद्य आपूर्ति, वन एवं पर्यावरण,

रविंद्र सिंह (इंद्राज) समाज कल्याण, SC/ST वेलफेयर, कॉरपोरेशन, इलेक्शंस

कपिल मिश्रा- लॉ एंड जस्टिस, श्रम एवं रोजगार, विकास, कला एवं संस्कृति, भाषा और पर्यटन

डॉ. पंकज कुमार सिंह- स्वास्थ्य, परिवहन, सूचना तकनीक

पहली बैठक में ही अहम फैसले

देर शाम दिल्ली कैबिनेट के मंत्रिमंडल की पहली बैठक भी ले ली गई। इस बैठक में पहले ही दिन बड़े फैसले लिए गए। जिसमें सबसे अहम फैसला आयुष्मान योजना से जुड़ी है। कैबिनेट ने फैसला किया है कि दिल्ली में केंद्र सरकार की लोकप्रिय और जनकल्याणकारी आयुष्मान योजना को लागू किया जाएगा। इसमें पांच लाख रुपये केंद्र सरकार और पांच लाख रुपये दिल्ली सरकार देगी। योजना के तहत 70 साल की उम्र पूरी कर चुके वरिष्ठ नागरिकों के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। दूसरा अहम फैसला सीएनजी रिपोर्ट से जुड़ा है विधानसभा की पहली बैठक में इसे सदन में रखा जाएगा। वहीं महिला सम्मान योजना पर भी बैठक में चर्चा हुई। योजना को मानक और कुछ अहम मुद्दों पर चर्चा के बाद लागू कर दिया जाएगा।

पीएम मोदी ने ट्विट कर दी बधाई

पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर रेखा गुप्ता को सीएम बनने पर बधाई दी और लिखा-  “दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्रीमती रेखा गुप्ता जी को बधाई। वे जमीनी स्तर से उठकर आई हैं, कैंपस राजनीति, प्रदेश संगठन, नगर निगम प्रशासन में सक्रिय रहीं और अब विधायक और मुख्यमंत्री भी हैं। मुझे विश्वास है कि वे पूरी ताकत से दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उन्हें सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।”

वहीं उन्होंने मंत्रिमंडल के लिए शुभकामना संदेश में लिखा- “दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर श्री प्रवेश साहिब सिंह जी, श्री आशीष सूद जी, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा जी, श्री रविंदर इंद्राज सिंह जी, श्री कपिल मिश्रा जी और श्री पंकज कुमार सिंह जी को बधाई। यह टीम जोश और अनुभव का बेहतरीन मिश्रण है, और निश्चित रूप से दिल्ली के लिए सुशासन सुनिश्चित करेगी। उन्हें शुभकामनाएँ।”