देवरिया। अभिनेता रणदीप हुड्डा ने अपनी दोस्त लिन लैशराम के साथ शादी के बंधन में बंधे। रणदीप और लिन ने इंफाल में एक पारिवारिक समारोह में शादी की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसके बाद दोस्तों और बॉलीवुड के लोगों के लिए एक भव्य रिसेप्शन रखा जाएगा। सोशल मीडिया पर रणदीप और लिन की शादी की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रही हैं, जहां न्यूलीवेड कपल को दुनियाभर से उनके फैंस अपनी शुभकामनाएं दे रहे हैं।



मणिपुरी रीति-रिवाज से हुई शादी

रणदीप की दुल्हन लिन लैशराम मणिपुर की रहने वाली हैं। रणदीप ने इंफाल में मणिपुरी रीति रिवाज से शादी की। शादी की तस्वीरों में रणदीप मणिपुरी दूल्हे के रूप में नजर आ रहे हैं, वहीं लिन पारंपरिक दुल्हन बनी हुई हैं। रणदीप ने सफेद-धोती कुर्ते के साथ एक खास किस्म की पगड़ी पहनी हुई थी। उन्होंने जो खास पगड़ी पहनी थी, उसे मणिपुरी भाषा में कोकयेट कहा जाता है। इसे सफेद रंग के कपड़े से बनाया जाता है, जिस पर गोल्डन कलर की चौड़ी गोटापट्टी लगाई जाती है। मणिपुरी शादियों में इस पगड़ी का खास महत्व है। लीन लैशराम ने मणिपुरी पोटलोई पोशाक पहनी थी यह एक सिलेंडर के आकार की स्कर्ट होती है, जिसे बांस और मोटे कपड़े से बनाया जाता है।

थियेटर में हुई थी दोनों की मुलाकात
रणदीप हुड्डा और लिन की मुलाकात पहली बार नसीरुद्दीन शाह के थिएटर ग्रुप मोटली में हुई थी। यही पर हुई मुलाकात कुछ दिनों में दोस्ती में बदली और फिर दोनों में प्यार हो गया। रणदीप और लिन ने काफी दिनों तक अपनी दोस्ती को सीक्रेट रखा। कुछ दिन पहले ही दोनों ने एक जॉइंट स्टेटमेंट में अपने रिलेशन को ऑफिशियल किया था। रणदीप हुड्डा ने शादी के बाद की खूबसूरत तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की हैं।