देवरिया। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार रक्षाबंधन इस साल 19 अगस्त को पड़ रहा है। भाई बहनों के प्रेम का प्रतीक इस त्योहार का इंतजार सभी को रहता है। इस दिन भाई बहनों से राखी बंधवाते हैं और बदले में उन्हें उपहार के साथ जीवन पर रक्षा करने का वचन देते हैं। आइए जानते हैं इस बार किस मुहुर्त में राखी बांधना भाई के लिए शुभ होगा।


कब है रक्षाबंधन का शुभ मुहुर्त
पंचांगों और ज्योतिष के अनुसार इस बार 19 अगस्त 2024 सोमवार को रक्षा बंधन का त्योहार होगा। इस दिन दोपहर को 1 बजकर 31 मिनट तक भद्रा रहेगी जो पाताल में निवास करेगी। इसलिए इस दिन 1 बजकर 31 मिनट के बाद ही राखी का त्योहार मनाना शुभ होगा। हिंदू धर्म शास्त्रों में कोई भी शुभ कार्य को भद्रा काल में करना अशुभ माना जाता है।

रक्षाबंधन के दिन का विशेष समय
19 अगस्त के दिन राखी बांधने का अलग-अलग मुहुर्त और भद्रा काल इस तरह है।–

दोपहर राखी बांधने का मुहुर्त – दोपहर 1 बजकर 43 मिनट से शाम 4 बजकर 20 मिनट तक
राखी बांधने के लिए प्रदोष काल – शाम 6 बजकर 56 मिनट से रात 9 बजकर 8 मिनट तक
19 अगस्त का भद्रा काल – सुबह 5 बजकर 53 मिनट से दोपहर 1 बजकर 32 मिनट