देवरिया। रेल मंत्रालय ने ट्रेन नंबर-14205, अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन का नाम बदलकर अयोध्या एक्सप्रेस रख दिया है। उत्तर प्रदेश में पहले भी कई स्टेशनों और शहरों के नाम बदले गए हैं। अब ट्रेन का नाम बदला गया है। अयोध्या एक्सप्रेस एकलौती ऐसी ट्रेन है जो अयोध्या कैंट से शुरू होकर दिल्ली तक जाती है। रेल मुख्यालय से पत्र जारी होने के बाद ट्रेन पर लगने वाले नेमप्लेट और टिकटों में भी नाम बदल दिए जाएंगे।
दूसरी बार बदल रहा है ट्रेन का नाम
यह ट्रेन 20 सालों से चल रही है, पहले यह फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस के नाम से चलती थी। जब साल 2018 में सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिले का नाम फैजाबाद से बदलकर अयोध्या कर दिया था तब जंक्शन का नाम भी बदलकर अयोध्या कैंट हो गया था। 22018 से ट्रेन का नाम दिल्ली- अयोध्या कैंट एक्सप्रेस रखा गया। अब दूसरी बार नाम बदले जाने पर अयोध्या एक्सप्रेस के नाम से चलेगी। ट्रेन का नाम बदले जाने को राम मंदिर में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। नए साल में मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होने को है उससे पहले ही ट्रेन का नाम अयोध्या के नाम पर कर दिया गया है।
ट्रेन के समय और किराया में कोई बदलाव नहीं
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन के सिर्फ नाम में बदलाव किया गया है। ट्रेन के रूट, किराया और टाइमिंग में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। अयोध्या कैंट से दिल्ली पहुंचने में यह ट्रेन लगभग 13 घंटे का समय लेती है और बरेली, रामपुर, मोरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद समेत सभी बड़े स्टेशनों पर रुकते हुए दिल्ली पहुंचती है। अयोध्या एक्सप्रेस में दिल्ली से अयोध्या कैंट तक आने में स्लीपर का किराया 350 रुपए, थर्ड एसी का किराया 950 रुपए और सेकेंड एसी का किराया 1 हजार 355 रुपए ही रहेगा।