देवरिया।अभिनेता आर माधवन को केंद्र सरकार ने भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान का नया अध्यक्ष चुना है। माधवन से पहले फिल्म निर्माता शेखर कपूर एफटीटीआई के अध्यक्ष थे। मार्च 2023 में शेखर कपूर का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इसके बाद से ही फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के नए अध्यक्ष के नाम का चुनाव किया जा रहा था। आखिर में आर माधवन के नाम पर मुहर लगा दी गई।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दी बधाई
आर माधवन को मिली नई जिम्मेदारी पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोशल मीडिया एप एक्स पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने लिखा- “FTIIके नए अध्यक्ष और उसकी गर्वनिंग काउंसिल के अध्यक्ष, आर माधवन को हार्दिक बधाई। मुझे यकीन है कि आपका विशाल अनुभव और आपकी नैतिकता इस संस्थान को समृद्ध बनाएगी, सकारात्मक बदलाव लाएगी”
जवाब में आर माधवन ने कहा कि- ”अनुराग जी, सम्मान और शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं सभी उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा।”

1960 में स्थापित हुई थी FTTI

भारतीय फिल्म और टेलिविज़न संस्थान को 1960 में पुणे में स्थापित किया गया था। यह संस्थान भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वशासी संस्था है। पुणे के प्रभात स्टूडियो परिसर में इस संस्थान को स्थापित किया गया है। यहां पर फिल्म निर्माण से संबंधित कई प्रकार के कोर्स कराए जाते हैं। FTII से निकले छात्र आज दुनियाभर में नाम कमा रहे हैं।