देवरिया। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने राजकोट में खेले जा रहे टेस्ट में एक नया कीर्तिमान रचा है। इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मुकाबले की पहली पारी में ओपनर जैक क्राउले का विकेट लेने के साथ ही उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड बना डाला जो सपने जैसा लगता है। टेस्ट क्रिकेट में इस गेंदबाज ने भारत की तरफ से सबसे तेज 500 टेस्ट विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया।
अश्विन ने लिए सबसे तेज 500 टेस्ट विकेट
आर अश्विन ने 500 विकेट लेने के साथ ही दिग्गज बॉलर अनिल कुंबले को भी पीछे छोड़ दिया है। विश्व क्रिकेट में सबसे तेज 500 टेस्ट विकेट लेने के मामले में श्रीलंका के पूर्व स्पिनर मुथैया मुरलीधरन नंबर एक पर हैं। तीसरा नंबर भारत के अनिल कुंबले का आता है। चौथे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न का नाम है। आर अश्विन ने महज 184 पारियों में ही 500 विकेट के रिकॉर्ड हासिल कर लिया है।
पिछले मैच में चूक गए थे 500 विकेट से
आर अश्विन पिछले मैच में 500 विकेट के करीब आकर चूक गए थे जिससे उन्हें और उनके फैंस को भी काफी निराशा हुई थी। लेकिन इस मैच में अश्विन ने पिछली कमी को पूरा कर दिया। भारत में अश्विन के बाद 2 बॉलर हैं जिन्होंने 500 टेस्ट लिया है। अश्विन से पहले महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने ये कमाल किया था। कुंबले के नाम 619 विकेट हैं। अश्विन ने सिर्फ 98 टेस्ट मैचों में अपने 500 विकेट पूरे किए।