देवरिया। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने अभी भी कई सीटों पर अपने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं। इनमें अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट भी शामिल है, जो उत्तर प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण सीटों में एक मानी जाती हैं। अब तक इन दो सीटों पर अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से प्रियंका गांधी के नाम की चर्चा लंबे समय से चल रही है लेकिन अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। इसी बीच अमेठी से रॉबर्ट वाड्रा के चुनाव लड़ने की भी खबरें आ रही हैं। कहा जा रहा है अमेठी और रायबरेली दोनों ही सीटों पर अंतिम फैसला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लेंगे। वहीं भाजपा ने फिर से अमेठी से स्मृति ईरानी को मैदान में उतारा है जबकि रायबरेली से अब तक बीजेपी प्रत्याशी का ऐलान नहीं हुआ है।

स्मृति ईरानी ने दाखिल किया नामांकन
सोमवार को बीजेपी प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने अमेठी से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। स्मृति ईरानी ने सोमवार को सुबह पहले अपने आवास पर पूजा पाठ किया फिर भाजपा कार्यालय पहुंची। यहां से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ भव्य रोड शो किया। रोड शो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और लोगों की भीड़ थी। अमेठी की प्रमुख सड़कों से गुजरते हुए रोड शो का लोगों ने जगह-जगह स्वागत भी किया। कहा जा रहा है अमेठी के यादव वोटर्स को अपनी ओर करने के लिए मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव को रोड शो में शामिल किया गया।

वायनाड चुनाव बाद राहुल के यूपी लौटने के कयास

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राहुल गांधी के यूपी लौटने के बाद ही कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होनी थी, जिसमें अमेठी और रायबरेली के प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगनी थी। 26 अप्रैल को वायनाड में मतदान हो चुका है जिसके बाद 27 अप्रैल को दिल्ली में कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक भी होनी थी लेकिन अब तक किसी प्रकार की बैठक या प्रत्याशियों के नाम को लेकर कोई खबर नहीं आई है।

अमेठी से रॉबर्ट वाड्रा के नाम की चर्चा

अमेठी सीट से रॉबर्ट वाड्रा के नाम की भी चर्चा हो रही है उसका कारण है। उत्तराखंड के ऋषिकेश पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा से जब सवाल किया गया कि क्या वह अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे तो इस सवाल पर उन्होंने कहा- “पूरे देश से आवाज आ रही है कि मुझे सक्रिय राजनीति में आना चाहिए क्योंकि, मैं हमेशा देश की जनता के बीच रहा हूं। 1999 से मैं वहां चुनाव प्रचार करने गया हूं। सोनिया गांधी को हम वहां से जीत दिलवाकर लाए थे।। लोग हमेशा चाहते हैं कि मैं उनके क्षेत्र में रहूं। लोग गांधी परिवार के साथ हैं क्योंकि वे राहुल और प्रियंका की कड़ी मेहनत को देख रहे हैं।”