देवरिया। ऑपरेशन सिंदूर और फिर भारत-पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध विराम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अचानक जालंधर के आदमपुर एयरबेस (adampur airbase)पहुंचे। यहां उन्होंने जवानों को संबोधित किया और उनका हौसला बढ़ाया। पीएम मोदी, ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत से ही हर पल पर नजर बनाए हुए हैं। जब मामला देश से जुड़ा होता है तो पीएम मोदी खुद आगे बढ़कर सबका हौसला बढ़ाते हैं। आदमपुर एयरबेस (adampur airbase)में भी उन्होंने वही किया। पीएम का ये दौरा एयरफोर्स के जवानों के लिए भी जोश से भर देने वाला था।
खास मकसद से आदमपुर पहुंचे थे पीएम
सोमवार को पीएम ने देश के नाम अपना संबोधन देकर बता दिया था कि भारतीय सेना ने किस तरह से पाकिस्तान के हर एक हमले को नाकाम किया और अभी भी हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। वहीं उसके अगले ही दिन आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यहां आने के पीछे, जवानों का हौसला बढ़ाने के साथ ही पीएम का एक और खास मकसद था। दरअसल ये वही एयरबेस है (adampur airbase)जिसे ध्वस्त करने का झूठा दावा पाकिस्तान ने किया था। पीएम ने यहां पहुंचकर और यहां जवानों के साथ तस्वीरें खिंचा कर पूरी दुनिया के सामने पाकिस्तान के झूठ को बेनकाब कर दिया।
जवानों और एस-400 के साथ ली तस्वीरें
पीएम ने अपने इस दौरे के जरिए पाकिस्तान को यह बता दिया कि हमारे जवानों का जज्बा और हौसला काफी मजबूत है। जवानों से खुद जाकर मिलना यह भी संदेश देता है कि भारत सरकार हर स्थिति में भारतीय सेना के साथ खड़ी है। पीएम जब जवानों का अभिवादन कर रहे थे तब जवान भारत माता की जय का घोष कर रहे थे। तस्वीरों में पीछे एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम भी साफ तौर पर देखा जा सकता है जिसे भी पाकिस्तान ने ध्वस्थ कर देने का दावा किया था।
पीएम मोदी ने दौरे पर किया ट्विट
आदमपुर में हुई जवानों से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक मैसेज पोस्ट किया, पीएम ने लिखा –“ आज सुबह मैं एएफएस आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही खास अनुभव था। भारत हमारे सशस्त्र बलों के प्रति हमेशा आभारी रहेगा, क्योंकि वे हमारे देश के लिए हर काम करते हैं।”