देवरिया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा किये स्टेडियम न सिर्फ वाराणसी के लिए बल्कि पूर्वांचल के युवाओं के लिए एक वरदान जैसा होगा। ये स्टेडियम जब बनकर तैयार हो जाएगा तो इसमें एक साथ 30 हजारसे अधिक लोग बैठकर मैच देख पाएंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत खेल जगत के बड़े सितारे मौजूद रहे। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने पीएम मोदी को एक जर्सी भी भेंट की।


बनारस को दी स्टेडियम की सौगात
पीएम मोदी सबसे पहले एयरपोर्ट से खुल जीप में सवार होकर गंजारी में आयोजित की गई जनसभा पहुंचे। एयरपोर्ट से लेकर गंजारी तक पूरे रास्ते कार्यकर्ता और जनता अपने प्रिय प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए खड़े हुए थे। गंजारी पहुंचकर पीएम ने काशीविश्वनाथ की थीम पर तैयार होने वाले स्टेडियम का शिलान्यास किया। यहां पर पीएम ने आम सभा को संबोधित किया। अपने भाषण की शुरुआत हर-हर महादेव से करते हुए पीएम ने भोजपुरी में कहा- “आज फिर से बनारस आवे के मौका मिलल हौ, जो आनंद बनारस में हौ, वह कहीं नहीं”


पूर्वांचल के युवाओं के लिए वरदान होगा यह स्टेडियम: पीएम
पीएम मोदी ने कहा- “आज मैं एक ऐसे दिन काशी आया हूं, जब चंद्रमा के शिवशक्ति पॉइंट पर भारत के पहुंचने पर एक महीना पूरा हो रहा है। एक शिवशक्ति का स्थान चंद्रमा पर है और दूसरा शिवशक्ति का स्थान यहां काशी में है। काशी में आज एक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखी गई है। ये स्टेडियम न सिर्फ वाराणसी बल्कि पूर्वांचल के युवाओं के लिए वरदान जैसा होगा। युवा टैलेंट को तलाशना और तराशना जरूरी है। जबसे इस स्टेडियम की तस्वीरें बाहर आई हैं, उन्हें देखर हर काशीवासी गदगद हो गया है।”

जो खेलेगा वही खिलेगा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि- “आज दुनिया के नए नए देश क्रिकेट खेलने के लिए आगे आ रहे हैं। आने वाले समय में क्रिकेट मैचों की संख्या बढ़ने जा रहीहै। क्रिकेट मैच बढ़ेगे तो स्टेडियम की जरूरत भी होगी। पूरे पूर्वांचल का चमकता सितारा होगा। यह यूपी का पहला स्टेडियम होगा जिसमेंबीसीसीआई के सहयोग होगा। जब खेल का इंफ्रास्ट्रक्चर बनता है तो केवल खेल ही नहीं, सभी को फायदा होता है। इससे होटल वालों, दुकानदारों, रिक्शा, नाव चलाने वालों को सभी को फायदा होता है। स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के नए अवसर पैदा होते हैं। हमारे युवा स्पोर्ट्स से जुड़ी पढ़ाई कर सकेंगे। एक समय था, जब माता पिता बच्चों इस बात के लिए डांटते थे, हमेशा खेलते रहोगे क्या । अब समाज की सोच बदली है। अब माता पिता भी स्पोर्ट्स को लेकर गंभीर हुए हैं। अब देश का मिजाज ऐसा बना है कि जो खेलेगा वहीं खिलेगा।”

यह स्टेडियम पूर्वाचंल का चमकता हुआ सितारा बनने वालाहै: PM
“ये स्टेडियम शिव को समर्पित है। यहां एक साथ 30 हजार लोग मैच देख सकेंगे।आज क्रिकेट के जरिए दुनिया भारत से जुड़ रही है। नए नए देश क्रिकेट खेलने के लिए आगे आ रहे हैं। जाहिर है कि आने वाले दिनों में क्रिकेट मैचों की संख्या बढ़ने वाली है। जब मैचों की संख्या बढ़ेगी तो नए स्टेडियमों की जरूरत भी पड़ेगी। तब बनारस का ये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इस डिमांड को पूरा करेगा। ये पूरे पूर्वांचल का चमकता हुआ सितारा बनने वाला है।”



खेल जगत के सितारे भी पहुंचे, बाबा विश्वनाथ का किया अभिषेक
स्टेडियम के शिलान्यास के कार्यक्रम में शामिल होने क्रिकेट से जुड़ी बड़ी हस्तियां भी पहुंची हुई थीं। इनमें सचिन तेंदुलकर, रवि शास्त्री, कपिल देव, बीबीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और सचिव जय शाह भी शामिल थे। सभी ने बाबा विश्वनाथ के धाम भी दर्शन किए और जलाभिषेक भी किया। मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने सभी को काशी विश्वनाथ का कॉरिडोर भी घुमाया। स्टेडियम के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सचिन तेंदुलकर ने पीएम मोदी को भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी भी भेंट की।


अटल आवासीय विद्यालयों का भी किया लोकार्पण
स्टेडियम के अलावा पीएम ने एक हजार एक सौ पंद्रह करोड़ की लागत से बने अटल आवासीय विद्यालयों को भी लोकार्पण किया। ये विद्यालय वाराणसी समेत प्रदेश के 16 जगहों पर बनाए गए हैं। इन विद्यालयों में उन बच्चों को एडमिशन दिया गया है जिनके माता पिता कोरोना में गुजर गए। यह आवासीय विद्यालय पूरी तरह से आधुनिक संसाधनों से लैस है। इसके साथ ही करसड़ा में बने 66.54 करोड़ की लागत से बने अटल आवासीय विद्यालय की भी शुरुआत होगी, इस आवासीय विद्यालय में मजदूरों के बच्चों को पढ़ाया जाएगा।

5 हजार महिलाओं को किया संबोधित
प्रधानमंत्री संपूर्णानंद विश्वविद्यालय में 5 हजार महिलाओं से महिला आरक्षण बिल पर बात की। इस संवाद की तैयारी श्रेत्र की भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को दी गई है। इस कार्यक्रम के लिए आस पास के सभी जिलों से महिलाओं को आमंत्रित किया गया था। संवाद के दौरान पीएम के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। इस कार्यक्रम में महिलाओ ने प्रधानमंत्री मोदी का, महिला बिल पास होने पर आभार जताया।


प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी की जनता को करोड़ों के विकासकार्यों की सौगात दी। वाराणसी का शासन, प्रशासन और वहां की आम जनता पीएम के दौरे को लेकर काफी उत्साहित थी। कई दिन पहले से ही प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियां चल रही थी। पीएम मोदी के पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। साथ ही महिलाओं ने पीएम पर फूलों की वर्षा की और संसद से पास हुए नारी शक्ति वंदन बिल के लिए उनका धन्यवाद किया।