देवरिया। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं की लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर पहले स्थान पर हैं। 76 फीसदी अप्रूवल रेटिंग के साथ वह दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बन गए हैं। मॉर्निंग कंसल्ट की तरफ से जारी की गई इस लिस्ट में दूसरे सबसे लोकप्रिय नेता की अप्रूवल रेटिंग में 10 अंकों का अंतर रहा। .मैक्सिको के राष्ट्रपति ओब्राडोर इस लिस्ट में 66 फीसदी रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर रहे। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति की रेटिंग 58 फीसदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा की 49 फीसदी रही।


सातवें स्थान पर हैं जो बाइडेन
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन को इस लिस्ट में सातवां स्थान मिला है। जो बाइडेन की अप्रूवल रेटिंग 37 फीसदी रही जो मार्च के बाद से सबसे ऊपर है। राजनीतिक खुफिया रिसर्च फर्म ने 22 वैश्विक नेताओं से जुड़ा सर्वे किया। सर्वे का यह डेटा 29 नवंबर से 5 दिसंबर 2023 के बीच लिया गया। पीएम मोदी की अस्वीकृति रेटिंग 18 फीसदी के साथ सबसे कम रही। अस्वीकृति दर की बात करें तो टॉप 10 नेताओं में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की 58 फीसदी के साथ सबसे ज्यादा रही।

पहले भी टॉप पर रह चुके हैं मोदी
ऐसा पहली बार नहीं हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस लिस्ट में पहला स्थान मिला है। इससे पहले के सर्वे में भी पीएम मोदी पहले स्थान पर थे। अप्रैल के सर्वे में पीएम मोदी को 76 फीसदी अप्रूवल रेटिंग मिली थी, जिसमें वह अमेरिका और ब्रिटेन के समकक्षों को पीछे छोड़ चुके थे। फरवरी में भी पीएम मोदी सबसे लोकप्रिय नेता थे, हालांकि तब उनकी रेटिंग 78 फीसदी थी। इस बीच, शुक्रवार को पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को एक मजबूत और स्थिर सरकार के लिए वोट करना चाहिए।