देवरिया।प्रभु श्री राम के भक्तों का इंतजार अब बस खत्म होने को है।अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की तारीख तय हो चुकी है। अब तक सिर्फ इतना ही तय था की आने वाले नए साल यानी 2024 की जनवरी में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य कार्यक्रम रखा जाएगा। अब श्री राम जन्म भूमि तीर्थ ट्रस्ट ने एक्स अकाउंट पर इस बात की जानकारी दी है कि राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की तारीख 22 जनवरी 2024 को होगी। पीएम मोदी ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया गया न्योता
राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का न्योता प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को दिया जा चुका है। उडुपी के पेजावर मठ के स्वामी तीर्थ जी महाराज, गोविंद देव गिरी जी महाराज, मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा और चंपत राय ने खुद पीएम निवास पहुंचकर प्रधानमंत्री को प्राण पतिष्ठा का न्योता सौंपा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष चंपत राय ने वीडियो जारी कर इस बात की जानकारी दी और बताया कि पीएम मोदी ने उनका न्योता स्वीकार कर लिया है।
चंपत राय ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा- ”प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी से मिलकर उडुपी के पेजावर मठ के पूज्य स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ जी महाराज, पूज्य स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज, मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष श्री नृपेंद्र मिश्रा जी और मैंने स्वयं अयोध्या पधारने का औपचारिक निमंत्रण पत्र उनको प्रस्तुत किया, जिसके लिए उन्होंने अपनी स्वीकृति प्रदान की है।” उन्होंने आगे बताया, ”राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परम पूजनीय सरसंघचालक डॉक्टर मोहन भागवत जी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी प्राण प्रतिष्ठा पर प्रधानमंत्री जी के साथ उपस्थित रहेंगे।”
प्राण प्रतिष्ठा में 4 हजार संत होंगे शामिल
चंपत राय ने प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान में शामिल होने वाले विशेष अतिथियों की जानकारी भी एक्स पर साझा की है। उन्होंने बताया कि- “अयोध्या में श्री राम मंदिर मे रामलला के नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को होगी। भारत के प्रधानमंत्री स्वयं उपस्थित रहेंगे। देश के 4 हजार संत महात्मा और समाज के ढाई हजार प्रतिष्ठित महानुभाव इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया ट्विट
प्राण प्रतिष्ठा का आमंत्रण मिलने पर प्रधानमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर भावुक पोस्ट लिखा और निमंत्रण मिलने की जानकारी साझा की, उन्होंने लिखा-
“जय सियाराम! आज का दिन बहुत भावनाओं से भरा हुआ है। अभी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी मुझसे मेरे निवास स्थान पर मिलने आए थे। उन्होंने मुझे श्रीराम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर अयोध्या आने के लिए निमंत्रित किया है। मैं खुद को बहुत धन्य महसूस कर रहा हूं। ये मेरा सौभाग्य है कि अपने जीवनकाल में, मैं इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनूंगा।”