देवरियाभारत के शतरंज किंग आर प्रज्ञानंद ने वर्ल्ड चैंपियन मैग्नस कार्लसन पर ऐतिहासिक जीत हासिल की है। लास वेगास में फ्री स्टाइल शतरंज ग्रैंड स्लैम टूर में प्रज्ञानंद ने ये जीत दर्ज की है। प्रज्ञानंद ने पांच बार के विश्व चैंपियन रहे कार्लसन को 39 चालों में ही मात दे दी। आपको बता दें नॉर्वे के ग्रैंडमास्टर कार्लसन को हाल ही में भारत के ही शतरंज चैंपियन डी गुकेश ने भी हराया था। प्रज्ञानंद से मिली ये हार कार्लसन की भारतीय खिलाड़ी के हाथों मिली लगातार दूसरी हार रही। आर प्रज्ञानंद ने टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज के चौथे राउंड में ही अपनी ऐतिहासिक जीत दर्ज कर दी थी।

प्रज्ञानंद ने 4.5 अंकों के साथ बनाई बढ़त

प्रज्ञानंद ने 4.5 अंकों के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ खिलाड़ियों के ग्रुप व्हाइट में संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ काले मोहरों से ड्रॉ खेलकर की थी। इसके बाद उन्होंने असाउबायेवा को मात दी। तीसरे राउंड में उन्होंने कीमर को भी काले मोहरों से हराया और फिर चौथे राउंड में मौजूदा दिग्गज मैग्नस कार्लसन को चौंकाते हुए बड़ी जीत दर्ज की।

टॉप रैंकिंग से नीचे आए कार्लसन

हालांकि कार्लसन इससे पहले पेरिस और कार्लजूए में आयोजित फ्रीस्टाइल शतरंज ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट जीत चुके हैं और पूरे टूर में शीर्ष पर बने हुए थे। लेकिन लास वेगास में उनका सफर रुक गया। राउंड-रॉबिन चरण में उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के चलते वह अपने ग्रुप में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे। इसके बाद प्लेऑफ में लेवोन अरोनियन से हारकर खिताबी दौड़ से बाहर हो गए। अब कार्लसन निचले ब्रैकेट में पहुंच गए हैं, जहां वह तीसरे स्थान से ऊपर नहीं जा सकते।

कार्लसन ने दो जीत के साथ की शुरुआत

कार्लसन ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार ढंग से की और लगातार दो मुकाबले जीते। हालांकि इसके बाद उनकी लय बिगड़ गई। उन्हें प्रज्ञानंद और वेस्ली सो से हार का सामना करना पड़ा और दो मुकाबले ड्रॉ रहे। ऐसे में उन्हें टाईब्रेकर का मौका पाने के लिए आखिरी राउंड में जीत जरूरी थी। उन्होंने बिबिसारा अस्सौबायेवा को हराकर उम्मीदें कायम रखीं, लेकिन प्लेऑफ के दोनों मुकाबलों में अरोनियन से हार गए। इस वजह से वे टॉप ब्रैकेट में जगह नहीं बना पाए।  

16 खिलाड़ी नॉक आउट में पहुंचे

लास वेगास के विंन होटल में फ्रीस्टाइल शतरंज टूर्नामेंट की अमेरिका में पहली बार हो रही शुरुआत के साथ अब 16 खिलाड़ी नॉकआउट चरण में पहुंच चुके हैं। इनमें से कुछ खिलाड़ी, जैसे मैग्नस कार्लसन और विन्सेंट कीमर , निचले ब्रैकेट से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि बाकी खिलाड़ी सीधे खिताब की रेस में बने हुए हैं। गुरुवार को क्वार्टरफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें हारने वाले खिलाड़ी ऊपरी ब्रैकेट से बाहर होकर निचले ब्रैकेट में पहुंच जाएंगे, जबकि जीतने वाले खिलाड़ी टूर्नामेंट में आगे बढ़ते हुए 2 लाख अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि की होड़ में बने रहेंगे।