देवरिया।देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कई तस्वीरें सोशल मीडिया में अपलोड होती रहती हैं। लेकिन अभी जिस तस्वीर की चर्चा जोरों पर है, वो है नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की बहनों की। जी हां सोशल मीडिया पर दोनों की बहनों की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है जिसमें दोनों प्रेम से एक दूसरे से गले मिलती हुई नजर आ रही हैं।प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की बहन होने के बाद भी जो सादगी दोनों ने अपनाई हुई है, उसकी तारीफ हर कोई कर रहा है।


कैसे हुई दोनों बहनों की मुलाकात
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बहन बसंती बेन अपने पति हंसमुख के साथ भोलेनाथ के दर्शन के लिए ऋषिकेश के नीलकंठ धाम पहुंचीं हुई थी। उन्होंने अपने पति के साथ मंदिर में जलाभिषेक कराया। यहां से बसंती बेन पास के ही कोठार गांव के पार्वती मंदिर गईं। इसी मंदिर के पास यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की बहन शशि अपनी छोटी सी दुकान चलाती हैं। वहीं पर बसंती बेन और शशि की मुलाकात हुई। दोनों ने एक दूसरे से काफी आत्मीयता से मुलाकात की। दोनों ने गले मिलते हुए फोटो भी खिंचवाई जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

उत्तराखंड के रहने वाले हैं योगी आदित्यनाथ
आपको बता दें सीएम योगी आदित्यनाथ मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी जिले के रहने वाले हैं। उनकी बहन शशि मंदिर के पास पूजा पाठ की सामग्री की दुकान चलाती हैं। सोशल मीडिया पर कई बार उनका वीडियो वायरल भी हुआ है। उनके भाई सीएम पद पर हैं लेकिन फिर भी उनकी जीवन शैली एक आम महिला की तरह ही है। बसंती बेन से मुलाकात के दौरान भी दोनों ने आम महिलाओं की तरह ही एक दूसरे का हाल जाना और अपने-अपने भाइयों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा हमें एक दूसरे से मिलकर ऐसा नहीं लगा कि हम देश के दो अलग-अलग हिस्सों से आते हैं। हम भी सगी बहनों की तरह ही हैं और हम दोनों को अपने भाइयों पर गर्व है कि वो देश की सेवा के लिए समर्पित हैं।