देवरिया। बुधवार को ओम बिरला के ध्वनिमत से लोकसभा का स्पीकर चुन लिया गया। स्पीकर के चुनाव के बाद सदन में पीएम मोदी ने अपना संबोधन दिया। लोकसभा अध्यक्ष के रूप में ओम बिरला का यह दूसरा कार्यकाल होगा। इस मौके पर पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा- ‘मैं सदन की ओर से आपको बधाई देना चाहता हूं। अमृत काल में दूसरी बार इस पद पर बैठना आपके लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। हमें उम्मीद है कि आप अपने अनुभव से अगले 5 वर्षों तक हमारा मार्गदर्शन करेंगे’।


दूसरी बार अध्यक्ष बनना अपने आप में एक रिकॉर्ड: PM
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- ‘आपके चेहरे पर ये मीठी-मीठी मुस्कान पूरे सदन को प्रसन्न रखती है। दूसरी बार अध्यक्ष बनना अपने आप में एक रिकॉर्ड है। आपसे पहले बलराम जाखड़ को लगातार दो कार्यकाल के लिए लोकसभा अध्यक्ष के रूप में सेवा करने का अवसर मिला था और आज आप वही इतिहास दोहरा रहे है। आप जिस प्रकार से एक सांसद के रूप में कार्य करते हैं, वह भी जानने योग्य है और बहुत कुछ सीखने योग्य है। मुझे विश्वास है कि एक सांसद के रूप में आपकी कार्यशैली हमारे पहली बार के सांसदों और युवा सांसदों को जरूर प्रेरणा देगी’।


ये संसद 140 करोड़ देशवासियों की आशा का केंद्र: PM
पीएम मोदी ने आगे कहा कि- “अध्यक्ष के रूप में मुझे विश्वास है कि आप तो सफल होने ही वाले हैं। लेकिन आपकी अध्यक्षता में ये 18वीं लोकसभा भी सफलतापूर्वक देश के नागरिकों के सपनो को पूर्ण करेगी। हमारा ये संसद 140 करोड़ देशवासियों की आशा का केंद्र है। संसद की कार्यवाही, जवाबदेही और आचरण हमारे देशवासियों के मन में लोकतंत्र के प्रति निष्ठा को और अधिक अधिक मजबूत बनाते हैं। आपने स्वस्थ शिशु, स्वस्थ मां अभियान शुरू किया है जो प्रेरक है। गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की कोशिश, गरीबों को कंबल, कपड़े, छाता, जूते ऐसी अनेक सुविधाएं खोज-खोज कर पहुंचाते हैं”।


“17वीं लोकसभा संसदीय इतिहास का स्वर्णिम कालखंड रहा”
प्रधानमंत्री ने कहा- ’17वीं लोकसभा संसदीय इतिहास का स्वर्णिम कालखंड रहा है। आपकी अध्यक्षता में जो निर्णय हुए हैं, सदन के जरिए जो सुधार हुए हैं, वह आपकी और सदन की विरासत है। जब भविष्य में विश्लेषण होंगे तब लिखा जाएगा कि आपकी अध्यक्षता वाली 17वीं लोकसभा की बहुत बड़ी भूमिका रही है’। पीएम मोदी ने भारतीय न्याय संहिता से लेकर मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण विधेयक और नारी शक्ति वंदन विधेयक का जिक्र करते हुए कहा कि- “ओम बिरला की अध्यक्षता में 17वीं लोकसभा ने भविष्य की बुनियाद रखी है। देश भविष्य में इसका गौरव करेगा”।
“संसद आपकी अध्यक्षता में भविष्य लिखने का कार्य करेगा”
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को आधुनिक बनाने की दिशा में जब हर तरफ से प्रयास हो रहे हैं, ये नया संसद भवन भी आपकी अध्यक्षता में भविष्य को लिखने का कार्य करेगा। नए संसद भवन में हमारा प्रवेश भी आपकी अध्यक्षता में हुआ और आपने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जिससे लोकतंत्र को मजबूती देने में मदद मिली है। सभी सांसदों को ब्रीफिंग के लिए व्यवस्था दी और आवश्यक रेफरेंस मैटेरियल मिला। आपने अच्छी व्यवस्था को विकसित किया है, जिससे सांसदों में ये विश्वास जगा कि मैं भी तर्क दे सकता हूं। जी20 की बहुत चर्चा हुई, पी20 में सर्वाधिक देश आपके निमंत्रण पर भारत आए। इसने विश्व में भारत की प्रतिष्ठा को गौरव देने बहुत बड़ा रोल अदा किया है।