
देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अक्टूबर को उत्तराखंड के दौरे पर थे। यहां पर उन्होंने 4200 करोड़ रुपए के विकासकार्यों का शिलान्यास और शुभारंभ किया। मुख्य कार्यक्रम के अलावा पीएम ने वहां के स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी। प्रधानमंत्री ने भारत-चीन सीमा पर सेना के जवानों से भी मुलाकात की और उनके साथ कुछ वक्त बिताया। अपने दौरे के दौरान पीएम कैलाश चोटी, पार्वती कुंड और जागेश्वर धाम पहुंचकर दर्शन भी किए।

भारत-चीन सीमा, पिथौरागढ़ पहुंचने वाले पहले पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-चीन सीमा के पिथौरागढ़ में तैनात ITBP के जवानों से भी मुलाकात की और तस्वीरें भी खिंचवाई। पीएम मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने सीमा पर पिथौरागढ़ पहुंचकर सेना के जवानों से मुलाकात की हो। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई थी। जमीन के साथ-साथ वायु सेना के जवान आसमान से भी नजर बनाए हुए थे। यहां से पीएम जागेश्वर धाम के लिए रवाना हुए। सेना के जवानों के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए पीएम ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा-
“पार्वती कुंड और गुंजी में सेना, बीआरओ और आईटीबीपी के समर्पित कर्मियों से बातचीत की। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनकी अटूट सेवा वास्तव में सराहनीय है। उनकी भावना और समर्पण पूरे देश को प्रेरित करता है।”

स्थानीय परिधान में दर्शन करते हुए तस्वीरें हो रही वायरल
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें वो स्थानीय परिधान पहने हुए नजर आ रहे हैं और पार्वती कुंड के साथ ही आदि कैलाश के भी दर्शन करते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने तस्वीरों के साथ लिखा है-
“उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के पवित्र पार्वती कुंड में दर्शन और पूजन से अभिभूत हूं। यहां से आदी कैलाश के दर्शन से भी मन आह्लादित है। प्रकृति की गोद में बसी अध्यात्म और संस्कृति की इस स्थली से अपने देश के सभी परिवारजनों के सुखमय जीवन की कामना की”।
आदी कैलाश के दर्शन के बाद पीएम अल्मोड़ा पहुंचे और वहां पर जागेश्वर धाम में बाबा जागनाथ की पूजा और अभिषेक किया। केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल ने भी एक्स पर पीएम के दौरे का वीडियो शेयर किया और लिखा- “बस लिए समर्पण तन-मन से, मैं देवभूमि में आता हूं।”

स्थानीय लोगों के साथ काफी वक्त बिताया
प्रधानमंत्री मोदी हमेशा आम जनता के बीच जाकर उनसे मिलते हैं। उत्तराखंड दौरे में पीएम पिथौरागढ़ जिले के गुंजी गांव भी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने वहां के ग्रामीणों से मुलाकात की और उनसे बातचीत भी की। पीएम ने यहां पर पारंपरिक वाद्य यंत्र भी बजाया और ग्रामीणों द्वारा बनाए गए स्थानीय उत्पादों को देखा और उत्पादों की सराहना भी की।