देवरिया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 जुलाई को गोरखपुर और कुशीनगर के दौरे पर रहेंगे। दोनों जिलों में पीएम मोदी के दौरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पीएम जहां गोरखपुर में गीताप्रेस के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे, वहीं कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। गीता प्रेस को गांधी शांति पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
गीताप्रेस को पूरे हो रहे हैं 100 वर्ष
इस साल गीता प्रेस की स्थापना को 100 साल पूरे हो रहे हैं इसी उपलक्ष्य में गीता प्रेस प्रबंधन ने शताब्दी कार्यक्रम का आयोजन किया है। सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर गीता प्रेस के प्रबंधन टीम से मुलाकात की और तैयारियों का जायजा लिया। प्रबंधन ने बताया 7 जुलाई को पीएम कार्यक्रम में शामिल होने आएंगे। इस मौके पर पीएम शिवमहापुराण की चित्रमय पुस्तक का भी विमोचन करने वाले हैं।
कुशीनगर में कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की देंगे सौगात
कुशीनगर में पीएम महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। कुशीनगर डीएम ने पीएम की कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों की बैठक लीऔर जरूरी निर्देश दे दिए हैं।