देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद दिया। इससे पहले उन्होंने सोमवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। पीएम मोदी के भाषण में आने वाले लोकसभा चुनाव के मुद्दे भी दिखाई दिए। पीएम ने यह साफ कर दिया था कि बीजेपी इस बार 400 पार का टारगेट लेकर चल रही है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी समेत सभी विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी, अधीर रंजन पर भी बिना नाम लिए तंज कसे।
पीएम ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई
पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि- “पहले कार्यकाल में कांग्रेस के गड्ढे भरे। दूसरे में नए भारत की नींव रखी तीसरे में भारत का नवनिर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि जिन्होंने देश को लूटा है उसे लौटाना पड़ेगा। इस दौरान पीएम मोदी ने राम मंदिर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम न सिर्फ अपने घर लौटे, बल्कि एक ऐसे मंदिर का निर्माण हुआ, जो भारत की महान संस्कृति-परंपरा को नई ऊर्जा देता रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिन उपलब्धियों का देश लंबे समय से इंतजार कर रहा था वे सारे काम हमने दूसरे कार्यकाल में पूरे होते देखे। हम सबने 370 खत्म होते देखा, नारी शक्ति वंदन अधिनियम दूसरे कार्यकाल में कानून बना। अंतरिक्ष से लेकर ओलम्पिक तक, सशस्त्र बलों से संसद तक नारी शक्ति के सामर्थ्य की गूंज उठ रही है। 10 वर्षों में पर्यटन क्षेत्र में अभूतपूर्व उछाल आया है। सामान्य से सामान्य व्यक्ति को भी रोजगार देने वाला और स्वरोजगार की सबसे ज्यादा संभावनाओं वाला यह क्षेत्र है। 10 वर्ष में एयरपोर्ट दोगुने बढ़े हैं।
OBC को बर्दारश्त नहीं कर सकती कांग्रेस
PM मोदी ने कहा कि- “कांग्रेस पार्टी और यूपीए सरकार ने OBC के साथ न्याय नहीं किया। कुछ दिन पहले ही कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। 1970 में जब वे बिहार के मुख्यमंत्री बने तो उनकी सरकार को अस्थिर करने के लिए क्या-क्या नहीं किया गया। कांग्रेस OBC को बर्दाश्त नहीं कर सकती। वे गिनती करते रहते हैं कि सरकार में कितने OBC हैं। क्या आप (कांग्रेस) यहां सबसे बड़ा OBC नहीं देख सकते? PM मोदी ने कहा कि हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल अब ज्यादा दूर नहीं है। सिर्फ 100-125 दिन बाकी हैं। मैं संख्याओं पर नहीं जाता लेकिन मैं देश का मूड देख सकता हूं। इससे NDA 400 के पार पहुंच जाएगी और भाजपा को 370 सीटें जरूर मिलेंगी। तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसले लेने वाला होगा।”
पीएम ने कांग्रेस पर मजाकिया अंदाज में साधा निशाना
लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा कि- “नौ दिन चले, अढाई कोस। मुझे लगता है कि यह कहावत पूरी तरह से कांग्रेस पर फिट बैठती है। कांग्रेस की सुस्त रफ्तार का कोई मुकाबला नहीं है। आज देश में जिस रफ्तार से काम हो रहा है, कांग्रेस सरकार इस रफ्तार की कल्पना भी नहीं कर सकती थी। भारत दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनेगा और यह मोदी की गारंटी है। कांग्रेस में एक कैंसल कल्चर पैदा हो गया है। कुछ भी हो कैंसल। ऐसे कैंसल कल्चर में कांग्रेस फंस गई है। हम कहते हैं मेक इन इंडिया। कांग्रेस कहती है-कैंसल। हम कहते हैं आत्मनिर्भर भारत। कांग्रेस कहती है- कैंसल। हम कहते हैं वोकल फॉर लोकल। कांग्रेस कहती है-कैंसल। हम करते हैं वंदे भारत ट्रेन। कांग्रेस कहती है-कैंसल। हम कहते हैं कांग्रेस की नई ईमारत। कांग्रेस कहती है-कैंसल। इतनी नफरत कब तक पाले रहोगे।”
अच्छे विपक्ष की भूमिका निभाने में रहे विफल: PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि- “विपक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे। मैंने हमेशा कहा है कि देश को एक अच्छे विपक्ष की जरूरत है। मैं देख रहा हूं कि बहुत लोग चुनाव लड़ने का हौसला भी खो चुके हैं। मैंने सुना है बहुत लोग सीट बदलने की फिराक में हैं। बहुत लोग लोकसभा के बदले अब राज्य सभा में जाना चाहते हैं। वे विपक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे। मैंने हमेशा कहा है कि देश को एक अच्छे विपक्ष की जरूरत है।”
पीएम ने नए संसद भवन में राष्ट्रपति के संबोधन का जिक्र किया
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि- “संसद के इस नए भवन में जब राष्ट्रपति हमें संबोधित करने आई और जिस गौरव और सम्मान के साथ सेंगोल और पूरे जुलूस का नेतृत्व किया। हम सब उनके पीछे-पीछे चल रहे थे। नए सदन में ये नई परंपरा भारत के आजादी के उस पवित्र पल का प्रतिबिंब जब साक्षी बनता है तो लोकतंत्र की गरिमा कई गुना ऊपर चली जाती है।”
कांग्रेस की मानसिकता से देश को नुकसान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि- “कांग्रेस का विश्वास हमेशा एक परिवार पर रहा है। एक परिवार के आगे न कुछ सोच सकते हैं और न ही कुछ देख सकते हैं। कांग्रेस की जो मानसिकता है, जिसका देश को बहुत नुकसान हुआ है। कांग्रेस ने देश के सामर्थ्य पर कभी विश्वास नहीं किया, वो अपने आप को शासक मानते रहे और जनता-जनार्दन को कमतर आंकते गए। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर राष्ट्रपति को धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सत्र के पहले दिन 31 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था। अपने संबोधन में उन्होंने सरकार के विजन और बीजेपी सरकार के बीते 10 साल में कामकाज का जिक्र किया था। राष्ट्रपति ने अभिभाषण में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का भी जिक्र किया था।”