देवरिया।नारी शक्ति वंदन बिल के संसद से पास होने पर शुक्रवार को बीजेपी मुख्यालय पर जश्न का माहौल था। बीजेपी की महिला सदस्यों ने बीजेपी कार्यालय में ढोल नगाड़े के साथ बिल पास होने पर सेलिब्रेशन किया। बीजेपी दफ्तर पर पीएम के संबोधन से पहले ही महिला सदस्यों ने मुख्यालय पहुंच कर पीएम के स्वागत की तैयारी कर ली थी जैसे ही पीएम पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत करके बिल के लिए धन्यवाद दिया, इसके बाद पीएम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।


पीएम मोदी ने देश की महिलाओं को दी बधाई
पीएम मोदी ने देश की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा- “मैं आज देश की हर माता को, बहन को, बेटी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। कल और परसो हम सबने एक नया इतिहास बनते देखा है और हम सबका सौभाग्य है कि ये इतिहास बनाने का अवसर कोटि-कोटि जनों ने हमें दिया है।”


क्या हमें नारी शक्ति की वंदना नहीं करनी चाहिए: पीएम
पीएम मोदी ने कहा, “कुछ लोगों को समस्या है कि हम नारी शक्ति वंदन शब्द क्यों लाए। क्या हमें नारी शक्ति की वंदना नहीं करनी चाहिए। क्या हम पुरुषों को इतना अहंकार आ जाए कि वंदना शब्द के इस्तेमाल पर पेट में चूहे कूदने लगे। ये बिल एक सच्चाई बन गया है। इस कानून ने साबित कर दिया है कि देश को आगे ले जाने के लिए मजबूत और निर्णायक सरकार बहुत आवश्यक है। मैं हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने की बात करता हूं क्योंकि मैं उनकी काबिलियत को देखा है। गुजरात में मुख्यमंत्री के तौर पर मैंने देखा है।”


“बिल फाड़ने वालों का भी समर्थन मिला”
पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि- ‘जब नीयत साफ होती है तो परेशानियों को पास करके भी परिणाम लाती है। ये अपने आप में एक रिकॉर्ड है। चांद तक पहुंचने में महिलाओं का योगदान रहा है। सदन में लगभग सभी नेताओं ने महिला आरक्षण बिल के समर्थन में वोट किया। बिल फाड़ने वालों ने भी समर्थन किया। मैं सभी राजनेताओं और दलों को धन्यवाद कहता हूं। हमने बहनों बेटियों के जीवन से जुड़ी हर समस्या को दूर करने का प्रयास किया है। बेटी को कोख में न समाप्त किया जाए इसलिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना शुरू की। बेटियां स्कूल न छोड़ें, इसलिए लाखों शौचालय बनाए। बेटी को रसोई में धुआं न सहना पड़े, इसलिए फ्री गैस कनेक्शन दिया।’

मैं बहुत गौरव का अनुभव कर रहा हूं: पीएम
पीएम मोदी ने कहा-“’आज हर नारी का आत्मविश्वास आसमान छू रहा है, वे खुशियां मना रही हैं। हम सभी को आर्शीवाद दे रही हैं। महिलाओं का सपना पूरा करने का सौभाग्य बीजेपी को मिला है। मैं एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर बहुत बड़ा गौरव का दिन अनुभव कर रहा हूं। ये कोई सामान्य कानून नहीं है। ये अमृतकाल में बहुत मजबूत कदम है। महिलाओं का जीवनस्तर सुधारने के लिए जो गारंटी मोदी ने दी थी, ये उसका परिणाम है।”

“यह हमारा कमिटमेंट था इसे हमने पूरा कर दिखाया”
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम कोई सामान्य कानून नहीं है, ये नए भारत की नई लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का उद्घोष है। साथ ही उन्होंने कहा कि ये अमृतकाल में सबका प्रयास से विकसित भारत के निर्माण की तरफ बढ़ा कदम है। लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी के लिए, इस कानून के लिए बीजेपी तीन दशक से प्रयास कर रही थी।ये हमारा कमिटमेंट था। इसे हमने पूरा करके दिखाया है। बीते 9 सालों में हमने माताओं-बहनों से जुड़ी हर बंदिश को तोड़ने का प्रयास किया है। हमारी सरकार ने एक के बाद एक ऐसी योजनाएं बनाई, ऐसे कार्यक्रम शुरू किए हैं, जिससे हमारी बहनों को सम्मान, सुविधा, सुरक्षा और समृद्धि का जीवन मिले।”