देवरिया। मंगलवार को अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में बजट पर भाषण दिया। उनके बजट भाषण के हिस्से का लिंक पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया। लिंक के साथ उन्होंने लिखा- “मेरे युवा और ऊर्जा से भरे युवा साथी अनुराग ठाकुर को जरूर सुना जाना चाहिए। उन्होंने तथ्यों को शानदार अंदाज में पेश करते हुए इंडी गठबंधन की गंदी राजनीति को उजागर कर दिया।”
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर बोला हमला
अपने बजट भाषण के दौरान अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। भाषण के दौरान ठाकुर ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उनकी ओर इशारा करते हुए कहा कि- ‘जिसकी जाति का नहीं पता वो जाति जनगणना की बात करता है’, अनुराग ठाकुर की इस बात का विपक्ष ने विरोध किया लेकिन अब उनकी इसी बयान का प्रधानमंत्री समर्थन कर रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने राहुल के चक्रव्यूह बाले बयान पर दिया जवाब
अनुराग ठाकुर ने अपने भाषण के दौरान महाभारत और अभिमन्यू का जिक्र किया। उन्होंने राहुल गांधी के द्वारा सोमवार को चक्रव्यूह पर दिए भाषण पर भी पलटवार किया और खुद कांग्रेस और गांधी परिवार को चक्रव्यूह बता डाला। संबोधन के दौरान अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के जाति जनगणना वाले मुद्दे पर भी बात की और किसी का नाम लिए बिना कहा कि जिसको खुद की जाति नहीं पता वो जाति जनगणना की बात करता है।
कमल के अपमान पर भी बोले अनुराग ठाकुर
राहुल गांधी के कमल के अपमान किए जाने पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि – मुझे नहीं पता इन्हें कमल से क्यों इतनी आपत्ति है, कमल का पर्यायवाची तो राजीव भी है। शायद इन्हें इस बात का पता नहीं। अगर पता होता तो मुझे पूरी उम्मीद है कि वो इस तरह की टिप्पणी नहीं करते। इन्होंने कमल को हिंसा के साथ जोड़ा। इन्होंने राजीव को हिंसा के साथ जोड़ा। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि मां लक्ष्मी का आसन भी कमल है, हमारा राष्ट्रीय पुष्प भी कमल है और जिस पद्मासन मुद्रा में सिंधु सभ्यता में भगवान शिव की मूर्ति मिली थी, लोकमान्य तिलक ने भी पद्मासन मुद्रा में ही समाधि ली थी, आप कहते हैं कमल के चारों तरफ हिंसा है। आप कमल का अपमान नहीं कर रहे, आप महायोगी भगवान शिव, भगवान बुद्ध और लोकमान्य तिलक जैसे महापुरुषों का अपमान कर रहे हैं”