देवरिया। पीएम मोदी लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए देश के कोने-कोने का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम दो दिवसीय बिहार दौरे पर भी पहुंचे हुए थे। दौरे के दूसरे दिन सोमवार को पीएम मोदी पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरमंदिर साहिब गुरुद्वारे पहुंचे। गुरुद्वारे में पीएम पूरे पंजाबी वेशभूषा में पहुंचे थे। उन्होंने कुर्ता पैजामा पहना हुआ था और सर पर पंजाबी पगड़ी बांधी हुई थी। पीएम ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका और सेवा देकर वहां मौजूद लोगों का दिल भी जीत लिया।


पीएम मोदी ने गुरुद्वारे में दी सेवा
पीएम मोदी ने गुरुद्वारे में अरदास की और लंगर भी खाया। इतना ही नहीं पीएम ने यहां लंगर में सेवा भी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने लंगर के लिए तैयार हो रहे खाने के लिए रोटियां बेली और पंगत में बैठे लोगों को खाना भी परोसा। गुरुद्वारे में पीएम करीब 20 मिनट रुके। उनके साथ रविशंकर प्रसाद और अश्विनी चौबे भी मौजूद रहे। पीएम मोदी जब भी गुरुद्वारे जाते हैं वहां पर किसी ना किसी प्रकार की सेवा देते ही हैं।


गुरुद्वारे में सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले सुबह इको पार्क में सूर्य नमस्कार किया। यहां से वो राज भवन गए। जहां से वे तख्त हर मंदिर साहिब पहुंचे। इसके बाद पीएम ने हाजीपुर, वैशाली और मुजफ्फरपुर में जनसभा को संबोधित किया। पीएम के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे इलाके को छावनी में तब्दिल कर दिया गया था और हर संदिग्ध चीजों की जांच की जा रही थी।