देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा से ही डिजिटल इंडिया को प्रोत्साहित करते आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने देश के बड़े कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया था। अब उन्होंने देश के 7 प्रमुख गेमर्स से मुलाकात की है। पीएम मोदी ने गेमर्स से गेमिंग में मिलने वाले अवसरों के बारे में जाना और ऑनलाइन गेम में हाथ भी आजमाया। गेमर्स, पीएम को गेम खेलता देख अचंभित हो रहे थे। गेमर से मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया है।
इन गेमर्स को मिला पीएम से मिलने का मौका
जिन गेमर्स को पीएम से मिलने का मौका मिला उनमें नमन माथुर, अनिमेश अग्रवाल, मिथिलेश पाटणकर, पायल धारे, अंशु बिष्ट, तीर्थ मेहता और गणेश गंगाधर हैं। ये सभी देश के मशहूर गेमर्स में से हैं। यूट्यूब और सोशल मीडिया पर इन्हें फॉलो करने वाले लाखों गेम लवर हैं। आज के समय में गेमिंग एक करियर ऑप्शन बन चुकी है। युवा सिर्फ गेम खेलकर लाखों रुपए महीने की इनकम कर रहे हैं।
भगवान ना करें मुझे इसकी आदत लगे: PM
पीएम मोदी चाहे किसी भी उम्र या प्रोफेशन के लोगों से मिले उनकी खासियत है कि वो बिल्कुल उनकी तरह ही व्यवहार करते नजर आते है ताकि सामने वाला बिल्कुल भी असहज महसूस ना करें। गेमर्स से मिलते वक्त भी पीएम ने अपनी बातों से माहौल को हल्का बनाया हुआ था। सात गेमर्स में से एक तीर्थ मेहता गुजरात के रहने वाले गेमर हैं। उन्होंने ने जब कहा कि वे गुजरात से हैं और मोबाइल गेमिंग के साथ उन्होंने अपने ऑनलाइन गेमिंग करियर की शुरुआत की थी तब पीएम मोदी ने कहा कि यह बीमारी गुजरात भी पहुंच गई? इस दौरान पीएम मोदी ने गेमिंग पर हाथ आजमाया और आखिर में मजाकिया अंदाज में कहा कि- “भगवान ना करें मुझे इसकी आदत लगे”
पीएम ने महिला गेमर को सराहा
7 गेमर्स जिनसे पीएम ने मुलाकात की, उनमें एक महिला गेमर पायल धारे भी शामिल थीं। पीएम मोदी ने राउंड टेबल मीटिंग के दौरान पायल धारे से पूछा कि क्या इस फील्ड में लड़कियों को पर्याप्त मौके मिलते हैं? इसके जवाब में पायल ने कहा कि फिलहाल तो बहुत ही कम मौके मिलते हैं, लेकिन इस वीडियो के पब्लिश होने के बाद लोगों का नजरिया निश्चित तौर पर बदलेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें देखकर अब और लड़कियां गेमिंग में अपना करियर शुरु कर रही हैं।