देवरिया। रविवार को अहमदाबाद में वर्ल्डकप का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। फाइनल मैच को देखने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह भी पहुंचे हुए थे। मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद सभी के चेहरे पर दुख और आंखों में आंसू नजर आए। मैच के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ड्रेसिंग रूम पहुंचे और सभी खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों को ढांढस बंधाया। पीएमओ के एक्स अकाउंट पर पीएम का खिलाड़ियों के मिलने के दौरान लिया गया वीडियो शेयर किया गया है जिसमें पीएम सभी खिलाड़ियों की हौसला आफजाई करते हुए नजर आ रहे हैं।
एक-एक खिलाड़ी के पास जाकर मिले मोदी
देखने पीएम नरेंद्र मोदी भी पहुंचे हुए थे। मैच में मिली हार के बाद पीएम ने ड्रेसिंग रूम पहुंचे और सभी खिलाड़ियों से मुलाकात की। पीएम ने सबसे पहले कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली से मुलाकात की और उनसे कहा- “आप लोग 10 मैच जीत कर आए हो, हार जीत होती रहती है” खिलाड़ियों का उदास चेहरा देखकर कहा- “मुस्कुराइए आपलोगों को पूरा देश देख रहाहै।” इस दौरान उन्होंने रोहित और विराट के हाथ थामे रखा। इसके बाद कोच राहुल द्रविड़ के पास गए और उनसे हाथ मिलाया और कहा आपलोगों ने मेहनत बहुत की है। इसके बाद पीएम रविंद्र जडेजा और शुभमन गिल से हाथ मिलाया और बात की।
पीएम ने मोहम्मद शमी को गलाया गले
पीएम खिलाड़ियों से मिलते हुए मोहम्मद शमी के पास पहुंचे और कहा- “शमी बहुत अच्छा किया इस बार” ऐसा कहते हुए उन्होंने शमी की पीठ थपथपाई और उन्हें गले से लगा लिया। इसके बाद वो बुमराह से मिले और माहौल कुछ हल्का हो इसके लिए उनसे मजाकिया तौर पर गुजराती में पूजा कि तुम्हें गुजराती आती है। इसपर बुमराह ने कहा थोड़ी-थोड़ी। जिसपर सभी खिलाड़ी कुछ देर के लिए हंसने लगे। इसके बाद पीएम श्रेयस अय्यर, के एल राहुल कुलदीप यादव और सूर्य कुमार यादव से मुलाकात की।
पीएम ने खिलाड़ियों को दिल्ली आने का न्योता दिया
प्रधानमंत्री ने आखिर में सभी खिलाड़ियों से कहा- “आप लोगों ने बहुत मेहनत की है, ऐसा तो होता रहता है। सभी खिलाड़ी एक दूसरे का हौसला बुलंद रखिए। जब आपलोग फ्री हों, दिल्ली आइए बैठेंगे आप लोगों के साथ। आपलोगों को मेरी तरफ से निमंत्रण है।
यहां देखिए वीडियो- https://x.com/AHindinews/status/1726819790847947027?s=20
वीडियो सौजन्य-PMO
पीएम का मिलना बहुत बड़ी प्रेरणा: रविंद्र जडेजा
रविंद्र जडेजा ने भी अपने एक्स अकाउंट पर पीएम से हुई मुलाकात पर लिखा –“हमारा टूर्नामेंट बहुत अच्छा था लेकिन हम हार गए। हम सभी दुखी हैं लेकिन हमारे लोगों का समर्थन हमें आगे बढा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रेसिंग रूम का दौरा विशेष और बहुत प्रेरणादायक था।”
ऑस्ट्रेलिया के साथ होने वाली टी-20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान
भारत और ऑस्ट्रेलिया की बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए बीसीसीआई ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। यह सिरीज 23 नवंबर से विशाखापट्नम में शुरु होगी और 3 दिसंबर को बेंगलुरु में इसका समापन होगा। सीरीज में सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाया गया है।
टीम में शामिल खिलाड़ी- सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), ईशान किशन, यशस्वी जयसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान, मुकेश कुमार। श्रेयस अय्यर रायपुर और बेंगलुरु में आखिरी दो टी- 20 के लिए उपकप्तान के रूप में टीम में शामिल होंगे।
टी-20 सीरीज का शेड्यूल–
| 23 नवंबर | पहला टी20 | विशाखापत्तनम |
| 26 नवंबर | दूसरा टी-20 | तिरुवनंतपुरम |
| 28 नवंबर | तीसरा टी-20 | गुवाहाटी |
| 1 दिसंबर | चौथा टी20 | रायपुर |
| 3 दिसंबर | 5वां टी-20 | बेंगलुरु |