देवरिया। पीएम मोदी दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर रहे। पीएम गुरुवार की रात को बनारस पहुंचे। जहां यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुलाब का फूल देकर पीएम का स्वागत किया। बनारस पहुंचे ही रात करीब 11 बजे पीएम मोदी, योगी आदित्यनाथ के साथ शिवपुर-फुलवरिया-लहरतारा मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे। कुछ दिनों पहले ही इस पुल का उद्घाटन किया गया है।

पीएम ने एक्स पर साझा की तस्वीरें
पीएम मोदी ने नवनिर्मित पुल का निरीक्षण करते हुए एक्स अकाउंट पर तस्वीरें साझा की है। तस्वीरों में पीएम मोदी, सीएम योगी के साथ एक आम आदमी की तरह ही पुल पर चहलकदमी करते हुए नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में पीएम मोदी आगे चलते हुए नजर आ रहे हैं और सीएम योगी ठीक उनके पीछे चल रहे हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में पीएम और योगी पुल पर लगे बोर्ड की ओर देखते हुए आपस में कुछ बात करते हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीरों के साथ पीएम ने लिखा- “काशी में उतरकर शिवपुर-फुलवरिया-लहरतारा मार्ग का निरीक्षण किया। इस परियोजना का हाल ही में उद्घाटन किया गया था और यह शहर के दक्षिणी हिस्से के लोगों के लिए काफी मददगार रही है।”
नए मार्ग से कम हुई दूरी, बचेगा समय
इस नए रास्ते से शहर के उन लोगों के लिए काफी सुविधाजनक है जो बीएचयू और बीएलडब्ल्यू के आसपास रहते हैं। अब इस तरफ रहने वाले लोगों को एयरपोर्ट, लखनऊ, आजमगढ़ और गाजीपुर की तरफ जाने के लिए शहर के ट्रैफिक से होकर नहीं गुजरना पड़ता बल्की इस नए रास्ते से बड़ी सुगमता से अपने गंतव्य पहुंचा जा सकता है। इस नए रूट से लगभग 5 लाख लोगों को आवाजाही में फायदा मिला है। इससे बीएचयू से हवाई अड्डे की ओर यात्रा की दूरी 75 मिनट से घटकर 45 मिनट हो गई है। इसी तरह, लहरतारा से कचहरी की दूरी 30 मिनट से घटकर 15 मिनट हो गई है।