देवरिया। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2025) का उद्घाटन किया। ये भव्य ट्रेड शो ग्रेटर नोएडा में 25 से 27 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक मंच मिलेगा। इसके तहत प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, सांस्कृतिक और नए बिजनेस आइडियास को दुनिया तक पहुंचाने का एक अवसर मिलेगा। (UPITS-2025) इस मौके पर पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने युवा उद्मियों और मेड इन इंडिया के आडिया को और आगे बढ़ाने के लिए देश का आह्वान किया।

यूपी में निवेश और मैन्युफैक्चरिंग का आह्वान: पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि उत्तर प्रदेश में निवेश कीजिए, यहीं पर मैन्युफैक्चर कीजिए। यहां लाखों MSMEs का मजबूत नेटवर्क मौजूद है, उनके सामर्थ्य का उपयोग कीजिए और एक संपूर्ण प्रोडक्ट यहीं तैयार कीजिए। इसके लिए यूपी सरकार और भारत सरकार हर प्रकार की मदद के साथ आपके साथ खड़ी है।”

पुर्जे-पुर्जे पर मेड इन इंडिया की छाप: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारी सेनाएं स्वदेशी उपकरण चाहती हैं और बाहरी निर्भरता को कम करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इसी लक्ष्य के लिए भारत में एक मजबूत डिफेंस सिस्टम खड़ा किया जा रहा है। हर पुर्जे पर मेड इन इंडिया की पहचान हो, इसके लिए एक सशक्त इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है, और इसमें यूपी की अहम भूमिका है। आज भारत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की प्रतिबद्धता के साथ उद्योगों, व्यापारियों और नागरिकों के साथ खड़ा है। हाल ही में जीएसटी में अगली पीढ़ी के सुधार लागू किए गए हैं। ये बदलाव पंजीकरण को सरल बनाएंगे, कर विवादों को घटाएंगे और MSMEs को तेजी से रिफंड उपलब्ध कराएंगे।”

“सेमीकंडक्टर सेक्टर में आत्मनिर्भरता होगी

पीएम मोदी ने कहा, “आज भारत में जितने भी मोबाइल फोन बनते हैं, उनमें से 55% उत्तर प्रदेश में तैयार होते हैं। अब यूपी सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी देश की आत्मनिर्भरता को नई मजबूती देगा। यहां नजदीक ही एक बड़ी सेमीकंडक्टर फैसिलिटी पर काम शुरू होने जा रहा है। भारत को आत्मनिर्भर बनाना हमारी जिम्मेदारी है, और हर वह उत्पाद जो भारत में बन सकता है, हमें यहीं बनाना है।”

गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं: पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज सरकार मेक इन इंडिया और मैन्युफैक्चरिंग को लेकर लगातार जोर दे रही है। हमारा लक्ष्य है कि चिप से लेकर जहाज तक, सब कुछ भारत में बने। सरकार उद्योगों को व्यापार सुगमता देने के लिए लगातार कदम उठा रही है और आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। लेकिन सरकार की अपेक्षा है कि निर्माण की गुणवत्ता सर्वोत्तम हो। देश के नागरिक भी चाहते हैं कि स्वदेशी उत्पादों की क्वालिटी लगातार बेहतर हो, इसलिए गुणवत्ता से कभी समझौता नहीं होना चाहिए।”

सीएम योगी और उनकी टीम को बधाई

पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी-2025 (UPITS-2025) में कहा, “मुझे खुशी है कि यहां 2,200 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित कर रहे हैं। इस मेले का कंट्री पार्टनर रूस है, यानी हम एक समय-परीक्षित साझेदारी को और गहरा कर रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम को इस आयोजन के लिए बधाई देता हूं।”

“अंत्योदय और सामाजिक न्याय का संदेश

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। उन्होंने अंत्योदय का मार्ग दिखाया था। अंत्योदय का अर्थ है – सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान, सबसे गरीब तक विकास पहुंचाना और सभी भेदभावों का अंत करना। अंत्योदय के माध्यम से ही सामाजिक न्याय को मजबूती मिलती है। आज भारत विकास के इसी मॉडल को पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है।”

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “आज अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी है। करीब 70 वर्ष पहले उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को नई दृष्टि दी थी और अंत्योदय को राष्ट्र उदय में बदलने का संकल्प दिया था। (UPITS-2025) उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी सिर्फ एक व्यापार मेला नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत के स्वदेशी मॉडल और प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया व मेक फॉर द वर्ल्ड के विजन का भी प्रतिबिंब है।”