देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कोलकाता में अंडर वॉटर मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह देश की पहली अंडर वाटर मेट्रो लाइन है, मेट्रो के लिए टनल का निर्माण हुगली नदी के नीचे किया गया है। 520 मीटर की यह सुरंग कोलकाता मेट्रो के पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर का हिस्सा है और हावड़ा मैदान को एस्प्लेनेड से जोड़ने का काम करेगी। अंडर वाटर मेट्रो शुरू होने के बाद हावड़ा देश का सबसे गहराई वाला मेट्रो स्टेशन बन गया है जो सतह से 33 मीटर गहरा है। 520 मीटर टनल को मेट्रो 45 सेकेंड में कवर कर लेगी।

देश के दूसरे शहरों में भी मेट्रो का उद्घाटन

कोलकाता में अंडर वाटर मेट्रो के साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली देश के दूसरे शहरों में भी मेट्रो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, जिसमें कवि सुभाष मेट्रो, माझेरहाट मेट्रो, कोच्चि मेट्रो, आगरा मेट्रो, मेरठ-आरआरटीएस सेक्शन, पुणे मेट्रो शामिल है। कोलकाता में अंडर वाटर मेट्रो के सबसे पहले परिचालन में स्कूली बच्चों को बैठाकर सफर कराया। इस दौरान बच्चों के साथ उनके शिक्षक भी साथ रहे। पीएम मोदी ने मेट्रो में बैठकर स्कूली बच्चों से बातचीत की।

हुगली नदी में बनी 520 मीटर टनल
जब किसी ट्रेन या मेट्रो के रास्ते में नदी आती है तो सामान्य तौर पर ब्रिज बनाया जाता है। लेकिन कोलकाता मेट्रो ने नदी के नीचे से मेट्रो को गुजारने की ठानी और इसके लिए बना किसी विदेशी सहायत के ही 520 मीटर टनल का निर्माण कर एक नया इतिहास रच दिया। पहले नदी के अंदर टनल बनाई गई और फिर उसपर मेट्रो के लिए ट्रैक बिछाई गई है। 2023 में टनल के तैयार होने के बाद मेट्रो का अंडर वाटर ट्रायल रन भी लिया गया था जो सफल रहा था।

अब भारत भी अंडर वाटर मेट्रो वाले देशों में शामिल

कोलकाता मेट्रो ने भारत के पहले अंडर वाटर मेट्रो का सफल संचालन कर भारत के नाम नया किर्तीमान स्थापित किया है। अब भारत भी उन चंद देशों की सूची में शामिल हो गया है जो अंडर वाटर मेट्रो का संचालन कर रहे हैं। भारत से पहले विश्व में लंदन, पेरिस, न्यूयॉर्क, शंघाई और काहिरा ऐसे देश हैं जहां नदी के नीचे से मेट्रो का संचालन किया जा रहा है।



आगरा मेट्रो के फर्स्ट रन में सीएम योगी खुद बने यात्री

कोलकाता अंडर वाटर मेट्रो के साथ देश के दूसरे शहरों के मेट्रो को भी पीएम ने कोलकाता से ही हरी झंडी दिखाई, जिसमें उत्तर प्रदेश में आगरा मेट्रो का भी लोकार्पण हुआ। मेट्रो के पहले संचालन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने कुछ मंत्रियों के साथ सफर किया। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर ट्विट कर आगरा वासियों को मेट्रो शुरु होने पर बधाई दी और पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया। सीएम योगी ने लिखा-
“आगरा वासियों को मेट्रो रेल सुविधा प्राप्त होने की हार्दिक बधाई! होली के पूर्व इस उपहार के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से आभार”।

आपको बता दें आगरा मेट्रो स्टेशन का नाम पहले जामा मस्जिद स्टेशन रखा गया था जिसे बाद में सीएम योगी ने एक प्रस्ताव देकर मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन कर दिया है। आगरा में मेट्रो सेवा शुरु होने के साथ ही उत्तर प्रदेश देश का ऐसा राज्य बन गया है जहां सबसे ज्यादा शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है।