देवरिया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से देश को 5 नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात दी। पीएम ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से 5 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से तीन वंदे भारत ट्रेन को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रेन में यात्रा कर रहे बच्चों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे।


मध्यप्रदेश को एक साथ 2 वंदे भारत
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जिन पाँच वंदे भारत रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाई वे हैं- भोपाल (रानी कमलापति)- इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस; भोपाल (रानी कमलापति)-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस; रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस; धारवाड़-बैंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस और गोवा(मडगांव)-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस। इनमें से अंतिम तीन को प्रधानमंत्री ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


बेहतर होगी कनेक्टिविटी
भोपाल (रानी कमलापति)- इंदौर, वंदे भारत एक्सप्रेस मध्यप्रदेश के दो महत्वपूर्ण शहरों के बीच सरल और त्वरित यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी तथा क्षेत्र में सांस्कृतिक, पर्यटन एवं धार्मिक स्थानों की कनेक्टिविटी में सुधार लाएगी। वंदे भारत ट्रेन से भोपाल से इंदौर की 269 किलोमीटर की दूरी अब साढ़े तीन घंटे में तय हो जाएगी। भोपाल (रानी कमलापति)-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस महाकौशल क्षेत्र (जबलपुर) को मध्य प्रदेश के मध्य क्षेत्र (भोपाल) से जोड़ेगी। इसके अतिरिक्त, बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को भी लाभ होगा। इस ट्रेन के चलने से भोपाल से जबलपुर की 340 किलोमीटर की दूरी अब साढ़े चार घंटे में ही तय हो जाएगी।


समय कम लगेगा, पर्यटन बढ़ेगा
रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस झारखंड और बिहार के लिए पहली वंदे भारत रेलगाड़ी होगी। पटना और रांची के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ाने वाली यह रेलगाड़ी पर्यटकों, छात्रों और व्यवसायियों के लिए वरदान साबित होगी। धारवाड़-बैंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस कर्नाटक-धारवाड़ और हुबली में महत्वपूर्ण शहरों को राज्य की राजधानी बैंगलुरु से जोड़ेगी। इससे क्षेत्र के पर्यटकों, छात्रों, उद्योगपतियों आदि को अत्यधिक लाभ प्राप्त होगा। गोवा (मडगांव)-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। यह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और गोवा के मडगांव स्टेशन के बीच चलेगी। इससे गोवा और महाराष्ट्र दोनों के ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास का एक नया इतिहास रच रहा है: शिवराज सिंह

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा- “हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमने भारत में जन्म लिया। मोदी जी के नेतृत्व में देश में प्रगति और विकास का एक नया इतिहास रचा है, जन कल्याण और गरीब कल्याण का एक नया अध्याय लिखा है, मोदी नाम आज मंत्र बन गया है। जहां मोदी जाते हैं दुनिया झूम जाती है। आज देश मोदी मंत्र का उच्चारण करता है अमेरिका की संसद में जब हमारे प्रधानमंत्री जी बोले तो 79 बार सांसदों की तालियों की गड़गड़ाहट से मोदी जी का स्वागत किया, हमारे लिए यह गर्व की बात है ”।