देवरिया। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। लोकसभा चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण सीट यानी वाराणसी से पीएम नरेंद्र मोदी ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन के लिए पीएम सोमवार को ही बनारस पहुंच चुके थे। वहां उन्होंने रोड शो भी किया था। पीएम मोदी ने तीसरी बार वाराणसी सीट से नामांकन दाखिल किया है। इससे पहले उन्होंने साल 2014 के लोकसभा चुनावों में और फिर 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए वाराणसी सीट से नामांकन दाखिल किया था, दोनों ही बार उन्हें भारी मतों से जीत हासिल की थी। अब 2024 लोकसभा चुनावों के लिए पीएम मोदी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है और इस बार भी जीतकर हैट्रिक लगाने की तैयारी भी जोरों पर है।


मांकन के पहले की पूजा अर्चना
नामांकन वाले दिन पीएम मोदी सबसे पहले दशाश्वमेध घाट पहुंचे यहां पर पहले से मौजूद पंडितों ने पूरे विधि विधान से मां गंगा की पूजा कराई। यहां से निकल कर पीएम काशी के कोतवाल काल भैरव के दरबार में पहुंचे और यहां भी पूजा की। काल भैरव मंदिर से निकलकर पीएम सीधे जिला कार्यालय पहुंचे और शुभ मुहुर्त में अपना नामांकन दाखिल किया। पीएम ने गंगा सप्तमी के दिन को विशेष रूप से नामांकन के लिए चुना था। बताया जा रहा है कि नामांकन दाखिले के वक्त को भी ग्रहों की स्थिति देखर तय किया गया था।

पीएम मोदी के साथ कौन-कौन मौजूद रहे
पीएम मोदी के नामांकन का कार्यक्रम महत्वपूर्ण कार्यक्रम था। नामांकन के लिए सोमवार से ही काशी में दिग्गज नेताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो चुका था। नामांकन के वक्त काशी के 4 नागरिक पीएम के प्रस्ताव के रूप में मौजूद थे। वहीं वरिष्ठ नेताओं में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। वहीं प्रस्तावक के रूप में पहले पंडित गणेश शास्त्री थे जिन्होंने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का शुभ मुहुर्त निकाला था। दूसरे प्रस्तावक के रूप में संघ के पुराने कार्यकर्ता बैजनाथ पटेल थे, वहीं तीसरे प्रस्तावक लालचंद कुशवाहा और चौथे प्रस्तावक संजय सोनकर बने थे।



पीएम ने खड़े रहकर डीएम को सौंपा नामांकन

नामांकन के वक्त पर्चा भरने वाला, केवल एक उम्मीदवार के तौर पर डीएम ऑफिस पहुंचता है। इसी नियम के तहत पीएम मोदी ने भी पर्चा भरते वक्त डीएम के समक्ष अपनी लोकसभा चुनाव की उम्मीदवारी पेश करते वक्त खड़े रहे और डीएम ने अपनी कुर्सी पर बैठे रहकर ही पर्चा स्वीकार किया। वहीं, पीएम मोदी ने खड़े होकर शपथ पढ़ा। जिसमें लिखा था-“ मैंने उम्मीदवारी को लेकर जो भी विवरण जमा कराए हैं, वह सही हैं।”



पीएम ने ट्विट कर जताई खुशी

नामांकन के बाद पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर ट्विट कर अपनी खुशी व्यक्त की और लिखा- “काशी में मां गंगा के चरणों में वंदन के साथ आज मेरे दिन का शुभारंभ हुआ। उनके दर्शन और पूजन से बड़ा सौभाग्य मेरे लिए और क्या हो सकता है! मां गंगा से मैंने अपने काशीवासियों के साथ ही देशभर के परिवारजनों के लिए सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की।”