देवरिया। 24 दिसंबर को पीएम मोदी कोलकाता के एक भव्य कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में एक लाख लोग एक साथ भगवत गीता का पाठ करेंगे। इस कार्यक्रम की जानकारी भाजपा के पश्चिम बंगाल अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने दी। उन्होंने बताया कि एक लाख गीता पाठ कार्यक्रम 24 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगा बल्की धार्मिक कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम के लिए पहले ही पीएम मोदी को न्योता दे दिया गया है जिसे उन्होंने स्वीकार भी कर लिया है।

एक लाख लोग एक साथ करेंगे गीता का पाठ
इस भव्य गीता पाठ के कार्यक्रम को शहर के मध्य में ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया है। इसी मैदान पर 24 दिसंबर को एक लाख लोग एक साथ भगवद गीता का पाठ करेंगे। उन्होंने कहा कि इस विशाल कार्यक्रम के आयोजन के लिए कई धार्मिक समूह एक साथ आए हैं। कार्यक्रम के लिए पीएम मोदी समेत, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राज्यपाल सीवी आनंद बोस और राज्य के दूसरे गणमान्य नागरिकों को भी न्योता दिया गया है। देश में यह अपने आप में पहला ऐसा कार्यक्रम होगा जहां इतनी बड़ी संख्या में लोग एक साथ गीता पाठ करेंगे।

राजनीतिक फायदे के लिए आयोजन: TMC
गीता पाठ के इस कार्यक्रम को लेकर राजनीति भी शुरु हो गई है।सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि यह कार्यक्रम 2024 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक रूप से आयोजित किया जा रहा है। इस पर टीएमसी का कहना है कि –“जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, यह बिल्कुल स्वाभाविक है कि भाजपा नेता राज्य का अधिक बार दौरा करेंगे। हमने 2019 के लोकसभा चुनाव और 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले यह रुझान देखा है। लेकिन, इसका कोई नतीजा नहीं निकलेगा।