देवरिया। दिल्ली में भाजपा को 27 सालों बाद मिली ऐतिहासिक जीत का बीजेपी मुख्यालय में जोरदार जश्न मनाया गया। रुझानों के साथ ही जश्न का माहौल शुरु हो चुका था। कार्यकर्ता और पदाधिकारी पीएम मोदी के आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही पीएम मोदी बीजेपी मुख्यालय पहुंचे उनका भव्य स्वागत किया गया और जयश्री राम और भारत माता के नारे लगाए गए। पीएम मोदी कार्यकर्ताओं और विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी और अपना संबोधन दिया।।
पीएम ने AAP पर ‘AAAA’ अटैक किया
पीएम मोदी ने कहा कि- “ दिल्ली वालों ने भाजपा को सेवा का मौका दिया है। दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने का मौका दिया है। दिल्लीवासियों को सिर झुकाकर नमन करता हूं। मैं दिल्लीवासियों का आभार करता हूं। इसके बाद पीएम मोदी ने AAP पर ‘AAAA’ अटैक करते हुए कहा, “आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई आप-दा की हार हुई है। इस नतीजे में भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत चार चांद लगा देता है”
राजनीति में शॉर्टकट, झूठ, फरेब के लिए जगह हीं:PM
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “दिल्ली के नतीजों ने ये भी साबित कर दिया कि राजनीति में शार्टकट और झूठ-फरेब के लिए कोई जगह नहीं है।शार्टकट वालों का दिल्ली की जनता ने शार्ट सर्किट कर दिया। आज के नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच दिया। दिल्लीवासी भाजपा की जीत और ‘आप-दा’ से राहत मिलने का जश्न मना रहे हैं। दिल्लीवासियों को मेरी गारंटी है कि सबका साथ, सबका विश्वास, पूरी दिल्ली का विकास। आज अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है। हर वर्ग ने भाजपा को वोट दिया है। आज देश तुष्टिकरण नहीं, बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण पर भरोसा कर रहा है।”
यमुना को दिल्ली की पहचान बनाएंगे
पीएम ने कहा- “हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना देवी को नमस्कार करते हैं, लेकिन, उसी यमुना की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी? दिल्ली का तो अस्तित्व ही मां यमुना की गोद में पनपा है। दिल्ली के लोग यमुना की इस पीड़ा को देखकर कितना आहत होते रहे हैं! लेकिन दिल्ली की आप-दा ने इस आस्था का अपमान किया। दिल्ली का जनादेश सिर्फ विकास के लिए नहीं है, बल्कि इसकी विरासत की समृद्धि के लिए भी है। ‘गंगे च यमुने चैव, गोदावरी सरस्वती, कावेरी नर्मदे सिंधु,’ यह भारत का सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उद्घोष है। मां यमुना हमारी आस्था का केंद्र हैं। यमुना जी को हम दिल्ली की पहचान बनाएंगे। मैं जानता हूं कि काम कठिन है। गंगा जी का देखिए, राजीव गांधी के जमाने से काम चल रहा है। काम कितना भी कठिन हो, अगर संकल्प मजबूत है तो काम होकर रहेगा।
पीएम ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- “2014 के बाद 5 साल तक हिंदू बनने की कोशिश की। मंदिरों में जाना, जनेऊ पहनना। सोचा कि बीजेपी के वोट बैंक को काट लेंगे। लेकिन कुछ नहीं हुआ तो फिर राज्यों की पार्टियों पर अब उनकी नजर है। इंडी गठबंधन के दल अब कांग्रेस को समझने लगे हैं। इसलिए दिल्ली में हमने देखा कि इंडी के दलों ने एकजुट होकर कांग्रेस को और अपने वोटबैंक को रोकने की कोशिश की। फिर भी क्या हाल हुआ। कांग्रेस को तो वो रोकने में सफल रहे, लेकिन आप-दा को बचाने में फेल हो गए। आज कांग्रेस वो कांग्रेस नहीं, जो आजादी के आंदोलन तक थी, जो आजादी के कुछ दशकों तक थी, आज कांग्रेस अर्बन नक्सलियों की राजनीति कर रही है। कांग्रेस के नेता जब कहते हैं कि वो भारत से लड़ रहे हैं, तो ये नक्सलियों की बात कर रहे हैं।”