देवरिया।अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण तेज गति से चल रहा है, नए साल में प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसी बीच अयोध्या से बड़ी खबर आ रही है, मंदिर निर्माण स्थल पर कंस्ट्रक्शन एरिया में ही खुदाई के दौरान पुराने राम मंदिर के कुछ अवशेष मिले हैं। ये अवशेष अपने आप में उस स्थान पर पहले से ही राम मंदिर के होने का साफ प्रमाण दे रहे हैं। इन अवशेषों की स्थिति काफी खराब है जिससे यह अंदाजा भी लगाया जा सकता है कि यह बहुत पुराने हैं।


चंपत राय ने शेयर की तस्वीरें
खुदाई में मिले अवशेषों की तस्वीरें राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव ने अपने एक्स अकाउंट में शेयर करते हुए उसके बारे में छोटी सी जानकारी दी है। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा है- “श्री रामजन्मभूमि पर खुदाई में मिले प्राचीन मंदिर के अवशेष। इसमें अनेकों मूर्तियां और स्तंभ शामिल हैं।”तस्वीरों में दिखाई दे रहे टूटे-फूटे अवशेष पर हिंदू मंदिरों में की जाने वाली नक्काशी दिखाई दे रही है। वहीं मूर्तियों के भग्नावशेष भी हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियों की तरह लग रहे हैं।



शिवराज सिंह चौहान ने भी साझा की तस्वीरें
चंपत राय के द्वारा शेयर की गई तस्वीरों को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्रे शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- “श्री रामजन्मभूमि मंदिर का निर्माण कार्य प्रगतिरत…इस मंगल अवसर पर प्राप्त हुए प्राचीन मंदिर के अवशेष। सत्य कहां छिपता है !”