देवरिया। परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की शादी की तारीख 24 सितंबर को होनी तय हुई है। बॉलीवुड की परी और आप सांसद राघव चड्ढा की हाई प्रोफाइल शादी की चर्चा पूरे देश में है। बीते 13 मई को ही परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की सगाई हुई थी। शादी की कुछ रस्मों के लिए दोनों के घर भी सज गए हैं। बताया जा रहा है कि 17 सितंबर को परिणीति दिल्ली आई थीं यहां पर राघव चड्ढा के घर पर मेहंदी की रस्में निभाई गई।
उदयपुर में होगी डेस्टिनेशन वेडिंग
परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने अपनी शादी के लिए उदयपुर के सबसे महशूर और आलिशान होटल द लीला पैलेस को चुना है। यह होटल देश के महंगे होटल्स में से एक है। महाराजा सुइट इस होटल के सबसे खास कमरों में से एक है। बताया जा रहा है मेहमानों के लिए 8 सूइट बुक किए गए हैं। इसके साथ ही इस होटल में एक बैंक्वेट हॉल भी है, जिसमें करीब 200 लोग एक साथ आ सकते हैं। यह पूरा होटल एक झील से घिरा हुआ है। लीला पैलेस में खाना चाहे वेज हो या नॉनवेज एक प्लेट खाने का रेट 8000 रुपये है।
23 सितंबर से शुरू हो जाएंगी रस्में
परिणीति और राघव की शादी की रस्में 23 सितंबर को ही शुरू हो जाएंगी। सबसे पहले 23 सितंबर को चूड़ा पहनाने की रस्म सुबह 10 बजे शुरू होगी,दोपहर को वेलकम लंच होगा, उसके बाद शाम को ‘लेट्स पार्टी लाइक 90s’ थीम पर एक ग्रैंड पार्टी का आयोजन किया गया है। 23 सितंबर के ये सारे फंक्शन ताज लेक पैलेस में होंगे। 24 सितंबर को परिणीति और राघव द लीला पैलेस में शादी करेंगे और उसके बाद वहीं पर एक ग्रैंड रिसेप्शन भी दिया जाएगा।
मनीष मल्होत्रा का डिजाइनर ड्रेस पहनेंगी परिणीति
परिणीती चोपड़ा इन दिनों मनीष मल्होत्रा के लगातार संपर्क में है और उनका मनीष के घर पर भी काफी आना-जाना हो रहा है। इससे साफ है कि परिणीति मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए जोड़े में सजेंगी। राघव चड्डा के वेडिंग ड्रेस के बारे में अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि उनके लिए किसने ड्रेस तैयार की है। बता दें कि सगाई में भी दोनों ने मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए हुए मैचिंग ट्रेडिशनल ट्रेस पहना हुआ था।