देवरिया। पेरिस ओलंपिक 2024 की ओपनिंग सेरेमनी 26 जुलाई को होगी लेकिन खेलों का आगाज आज से हो चुका है। पहले दिन ही भारत ने आर्चरी में अपना डंका बजा दिया। भारत की मेंस और वीमेंस दोनों टीमों ने आर्चरी के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। इंडियन वीमेंस टीम में तीरंदाज दीपिका कुमारी, अंकिता भकत और भजन कौर शामिल हैं वहीं मेंस टीम में धीरज बोम्मादेवरा, तरुणदीप राय और प्रवीण शामिल हैं।
तीसरे नंबर के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंचा भारत.
पहले दिन भारतीय पुरुष आर्चरी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। भारत ने चीन, जापान और इटली समेत कई देशों को पीछे करते हुए 2 हजार 13 अंक हासि किए और तीसरे नंबर पर रहा । भारत की पुरुष टीम ने सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। तीरंदाजी में 2 हजार 49 अंकों के साथ कोरिया टॉप पर रहा वहीं 2 हजार 25 पॉइंट्स के साथ फ्रांस दूसरे नंबर पर रहा। भारत की पुरुष टीम के तीरंदाज धीरज इंडीविजुअल रैंकिंग में 681 पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर रहे। तरुणदीप राय 674 नंबर्स के साथ 14वें नंबर पर और प्रवीण रमेश जाधव 39वें नंबर पर रहे।
वीमेंस आर्चरी टीम ने भी किया कमाल
भारत की महिला तीरंदाजों ने भी पहले दिन कमाल का खेल दिखाया। टीम ने सीधे क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इंडीविजुअल रैंकिंग में तीरंदाज अंकिता 11वें नंबर पर, भजन कौर 22वें नंबर पर और दीपिका 23वें नंबर पर रहीं। भारत की वीमेंस आर्चरी टीम 1983 नंबर के साथ चौथे नंबर पर रही। टॉप पर कोरिया, दूसरे नंबर पर चीन और मैक्सिको तीसरे नंबर पर रहा।