देवरिया। ओलंपिक 2024 का आयोजन इस बार पेरिस में 26 जुलाई से होने जा रहा है। ओलंपिक का औपचारिक उद्घाटन 26 जुलाई को होगा लेकिन खेल 24 जुलाई से ही शुरु हो चुके हैं। दुनियाभर के अलग-अलग देशों से 10 हजार से ज्यादा एथलीट मेडल की रेस में मैदान पर उतरने वाले हैं। आपको बता दें ओलंपिक का भव्य उद्घाटन समारोह 26 जुलाई को भारतीय समयानुसार रात 11 बजे शुरु होगा जो 27 जुलाई सुबह तक चलेगा।


117 खिलाड़ी करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

इस बार ओलंपिक में भारत की तरफ से 117 खिलाड़ियों की टीम पेरिस गई है। यह भारत की तरह से अब तक की सबसे टीम होगी जो ओलंपिक खेलने वाली है। भारत के 117 खिलाड़ी 16 खेल विधाओं में अपनी किस्मत आजमाएंगे। इन 117 एथलीट्स में 70 पुरुष और 47 महिला एथलीट शामिल हैं। भारत के ये खिलाड़ी 69 मुकाबलों में हिस्सा लेते हुए 95 पदकों के लिए अपने दांव लगाएंगे। पेरिस गई टीम के साथ 140 लोगों की टीम भी गई है जिसमें स्पोर्ट्स स्टाफ और अधिकारी भी शामिल हैं।


70 खिलाड़ियों की युवा टीम पहली बार आजमाएगी किस्मत
इस बार ओलंपिक में भारत से ज्यादातर युवा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 117 सदस्यीय भारतीय खिलाड़ियों के द ल में 70 ऐसे युवा खिलाड़ी हैं जो पहली बार ओलंपिक में हिस्सा ले रहे हैं। जिनमें 29 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं इन खिलाड़ियों में मुक्केबाज निकहत जरीन, पहलवान अंतिम पंघाल, रीतिका, एथलीट ज्योति याराजी, शूटर सिफ्त कौर समरा, रमिता, रिद्म सांगवान शामिल हैं, वहीं पुरुष, खिलाड़ियों में पहलवान अमन सहरावत, जेवलिन थ्रोअर किशोर जेना, तीरंदाज बी धीरज, मुक्केबाज निशांत देव, शूटर सरबजोत सिंह, संदीप सिंह, अर्जुन बबूटा, अर्जुन चीमा, अनीश को पहली बार9 ओलंपिक में दम दिखाने का मौका मिलेगा।


47 अनुभवी खिलाड़ियो से मेडल की उम्मीद
भारतीय टीम में जहां 70 ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो पहली बार ओलंपिक खेल रहे हैं वहीं हमारी टीम में 47 ऐसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं जिन्हें एक या एक से अधिक बार ओलंपिक खेलने का अनुभव है। इनमें से पुरुषों की हॉकी टीम के साथ ही 5 एथलीट्स ऐसे हैं जिन्हें ना सिर्फ खेलने का अनुभल है बल्की इन्होंने पिछले ओलंपिक्स में भारत के लिए पदक भी जीते हैं। इन एथलीट्स में मशहूर भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा, रजत पदक विजेता वेटलिफ्टर मीराबाई चानू, कांस्य विजेता मुक्केबाज लवलीना, शटलर पीवी सिंधू शामिल हैं। इन अनुभवी खिलाड़ियों से भारत को एक बार फिर मेडल लाने की ज्यादा उम्मीद रहेगी।

ये हैं भारत के सबसे कम उम्र और सबसे उम्रदराज एथलीट

आपको बता दें पेरिस ओलंपिक में 11 साल से लेकर 60 साल तक के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। वहीं भारत की तरफ से हिस्सा ले रहीं सबसे कम उम्र की खिलाड़ी में 14 साल की दिनिधी देसिंघु शामिल हैं। दिनिधी एक तैराक हैं और पहली बार ओलंपिक में हिस्सा ले रही हैं। वहीं सबसे उम्र दराज खिलाड़ी में 44 साल के रोहन बोपन्ना हैं। आपको बता दें भारतीय खिलाड़ियों का दल पेरिस पहुंच चुका है।