देवरिया। उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने विशेष अभियान की शुरुआत की है। 1 से 30 सितंबर तक पूरे प्रदेश में ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ (No helmet no fuel)अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी करेंगे और इसका संचालन जिला सड़क सुरक्षा समिति (डीआरएससी) के समन्वय से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने की सहयोग की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि- “दोपहिया वाहन चालक पेट्रोल लेने से पहले हेलमेट पहनना सुनिश्चित करें। इस अभियान का उद्देश्य किसी को दंडित करना नहीं है, बल्कि नागरिकों को कानून के प्रति जागरूक करना और सड़क पर सुरक्षित व्यवहार की आदत डालना है। “हेलमेट पहले, ईंधन बाद में।”

विभागों की साझा जिम्मेदारी

सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार यह अभियान (No helmet no fuel) कई विभागों के समन्वय से चलाया जाएगा। परिवहन, पुलिस और जिला प्रशासन मिलकर इसे लागू करेंगे। खाद्य एवं रसद विभाग की मदद से पेट्रोल पंपों पर निगरानी और समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जनता को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएगा।

पेट्रोल डीलर्स ने दिया सहयोग का भरोसा

इस अभियान को गति देने और अभियान की सफलता के लिए पेट्रोल डीलर एसोसिएशन और तेल विपणन कंपनियों के भी सहयोग की जरूरत है। उनकी तरफ से भी सरकार को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया गया है। परिवहन आयुक्त ब्रजेश नारायण सिंह ने कहा कि- “इस कदम से दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट पहनने की आदत स्वतः विकसित होगी और सड़क हादसों में कमी आएगी।”

नागरिकों की सुरक्षा के लिए अभियान

सरकार का मानना है कि यह पहल केवल एक नियम लागू करने भर की कोशिश नहीं है, बल्कि जीवन रक्षा और सबकी सुरक्षा का संकल्प है। अभियान के जरिए नागरिक, उद्योग और प्रशासन मिलकर सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम करने के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में ठोस कदम बढ़ाएंगे। यह अभियान 1 से 30 सितम्बर तक पूरे प्रदेश में चलेगा। सभी जनपदों में जिलाधिकारी के नेतृत्व, डीआरएससी के समन्वय और पुलिस-प्रशासन-परिवहन अधिकारियों के प्रवर्तन के साथ चलेगा। सभी नागरिकों, पेट्रोल पम्प संचालकों और तेल कंपनियों से सहयोग की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें- https://newsdeoria.com/aircraft-engine-and-defiance-aerospace-testing-facility-inaugurated-in-noida/