देवरिया। नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के बाद अब 23 जून को होने वाली NEET-PG परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। आपको बता दें नीट के परीक्षा परिणाम आने के बाद से ही नीट परीक्षा 2024 विवादों में है। एक ही सेंटर से ग्रेस मार्क्स के चलते कई परीक्षार्थियों को शत प्रतिशत अंक दिए गए जिसके बाद देशभर में धांधली होने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किए जा रहे हैं। नीट को लेकर चल रहे विवाद और यूजीसी नेट की परीक्षा रद्द होने के बाद नीट पीजी की परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया गया।
NTA के महानिदेशक सुबोध सिंह हटाए गए
नीट को लेकर चल रहे विवादों और यूजीसी नेट की परीक्षा को रद्द करने बाद सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए NTA यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के महानिदेशक सुबोध कुमार सिंह को शनिवार रात पद से हटा दिया है। फिलहाल उनके स्थान पर 1985 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी प्रदीप सिंह करोला को अगले आदेश तक नियुक्त किया गया गया है। आपको बता दें नीट को लेकर लगी याचिकाओं की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में चल रही है और कोर्ट ने कहा है कि नीट परीक्षा या काउंसलिंग को रद्द नहीं किया जाएगा।
छात्र हित में लिया गया फैसला: स्वास्थ्य मंत्रालय
वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘कुछ प्रतियोगी परीक्षाओं की हाल की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, स्वास्थ्य मंत्रालय ने मेडिकल छात्रों के लिए राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित नीट-पीजी प्रवेश परीक्षा की प्रक्रियाओं की मजबूती का गहन मूल्यांकन करने का निर्णय लिया है। 23 जून, 2024 को होने वाली नीट-पीजी प्रवेश परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय छात्रों के सर्वोत्तम हित में और परीक्षा प्रक्रिया को सही बनाए रखने के लिए लिया गया है।’