देवरिया। लंबे समय से विवादों में फंसी नीट 2024 परीक्षा का रिवाइज रिजल्ट आने के बाद, अब देरी ना करते हुए काउंसलिंग की भी तारीख का ऐलान कर दिया गया है। NEET-UG की परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के संबंध में जानकारी और नोटिस के लिए एमसीसी की वेबसाइट देखने की एडवाइजरी जारी की गई है। 14 अगस्त से काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरु हो जाएगी।

एमसीसी ने दी जानकारी

सोमवार को एमसीसी ने नोटिस जारी कर 14 अगस्त से काउंसलिंग शुरु होने की जानकारी दी। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के सचिव डॉ. बी श्रीनिवास ने कहा कि काउंसलिंग की प्रक्रिया के लिए पंजीकरण अगस्त के पहले हफ्ते से शुरू होने की संभावना है। डॉ. बी श्रीनिवास ने कहा कि देश भर के लगभग 710 मेडिकल कॉलेजों में लगभग 1.10 लाख एमबीबीएस सीट के आवंटन के लिए काउंसलिंग होगी। वहीं आयुष और नर्सिंग सीट के अलावा 21,000 बीडीएस सीट के लिए भी काउंसलिंग कराई जाएगी. क्वालीफाई कैंडिडेट को काउंसलिंग से जुड़ी सभी अपडेट और नोटिस के लिए एमसीसी की वेबसाइट देखने की एडवाइजरी जारी की गई है।
आपको बता दें एमसीसी अखिल भारतीय कोटे की 15 प्रतिशत सीट और सभी एम्स, जेआईपीएमईआर पांडिचेरी की 100 प्रतिशत सीट, सभी सेंट्रल यूनिवर्सिटी की सीट और डीम्ड यूनिवर्सिटी की 100 प्रतिशत सीट के लिए काउंसलिंग आयोजित करेगी।

शुक्रवार को जारी हुआ है रिवाइज रिजल्ट
नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों से जुड़ी सभी याचिकाओं की सुप्रीमकोर्ट में सुनवाई होन के बाद कोर्ट ने परीक्षा रद्द करने से इनकार कर दिया था। कोर्ट ने जांच के बाद एनटीए को नया रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया था। एनटीए ने शुक्रवार को रिवाइज रिजल्ट जारी कर दिया था। रिवाइज रिजल्ट के बाद मेरिट सूची और पास होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या में भी बदलाव आया है।