देवरिया। शुक्रवार को पुराने संसद भवन में एनडीए संसदीय दल की बैठ हुई। बैठक में सभी नव निर्वाचित सांसदों और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बैठक में नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुना गया। बैठक में राजनाथ सिंह ने सभी सांसदों के समक्ष यह प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से पास किया गया। बैठक में सभी सहयोगी दल के नेताओं के साथ पीएम नरेंद्र मोदी ने भी अपना संबोधन दिया। बैठक के बाद एनडीए के सभी दलों के नेता और उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद भी राष्ट्रपति भवन पहुंचे। पीएम मोदी ने यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है।

पीएम मोदी जब सरकार बनाने का दावा पेश करने गए तब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें अपने हाथों से दही खिलाई। जैसा कि हिंदू रीति रिवाजों में शुभ काम की शुरुआत से पहले दही खिलाई जाती है। आपको बाता दें पीएम मोदी तीसरी बार पीएम पद की शपथ 9 जून को लेने वाले हैं।

हमलोग पूरे तौर पर, सब दिन इनके साथ रहेंगे: नीतीश कुमार

एनडीए के सांसदों को संबोधित करते हुए बिहार के सीएम और जेडीयू के नेता नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी पार्टी नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन देती है। खुशी की बात है कि वे10 साल से ये प्रधानमंत्री हैं। फिर प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। पूरे देश की सेवा है पूरा भरोसा है जो कुछ भी बचा है अगली बार ये सब पूरा कर देंगे, जो भी राज्य का है। हमलोग पूरे तौर पर सब दिन इनके साथ रहेंगे।’ मैंने देखा है कि इधर-उधर कुछ लोग जीत गए हैं। अगली बार जो आएंगे तो सब हार जाएंगे। नीतीश ने आगे कहा कि उनलोगों ने आजतक कोई काम नहीं किया है। देश बहुत आगे बढ़ेगा। बिहार का सब काम हो ही जाएगा।’


सभी को बधाई क्योंकि हमने शानदार बहुमत हासिल किया: नायडू

टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि- “मैने पिछले कई दशकों में कई लीडर्स को देखा है। इसलिए मैं कह सकता हूं कि पीएम मोदी ने भारत को पूरे विश्व में अलग पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में भारत दुनिया कि पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना। और अब इस आगामी कार्यकाल में भारत सबसे बडी अर्थव्यवस्था बनेगा। हम सभी को बधाई दे रहे हैं क्योंकि हमने शानदार बहुमत हासिल किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान देखा है कि 3 महीने तक पीएम मोदी ने कभी आराम नहीं किया। उन्होंने दिन-रात प्रचार किया। उन्होंने उसी भावना के साथ शुरुआत की और उसी भावना के साथ खत्म किया। आंध्र प्रदेश में हमने 3 सार्वजनिक बैठकें और 1 बड़ी रैली की। इससे आंध्र प्रदेश में चुनाव जीतने में बहुत बड़ा अंतर पैदा हुआ। पीएम मोदी देश के लिए काम करें, हमारा उन्हें पूरा समर्थन है।’


NDA की प्रचंड जीत का श्रेय प्रधानमंत्री को: चिराग पासवान
चिराग पासवान ने बैठक में अपने संबोधन में कहा कि- “एनडीए की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है। एनडीए की लगातार इतनी बड़ी जीत कोई सामान्य बात नहीं। जब वो किसी क्षेत्र में जाते थे तो पीएम मोदी के नाम पर लोगों में बड़ा उत्साह देखने को मिलता था। पीएम मोदी की वजह से ही हम गर्व से कहते हैं कि भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थ व्यवस्था है। पीएम मोदी में वो शक्ति है जो गांव और शहर की दूरी मिटा सके और अमीर-गरीब के फासले को पाट सके।” उन्होंने अपने पिता रामविलास पासवान के नारे का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था- “मैं उस घर में दिया जलाने चला हूं, जहां सदियों से अंधेर है, और कहा उनके सपने को पूरा करने और करोड़ों देशवासियों को अंधकार से बाहर निकालने की एकमात्र उम्मीद पीएम मोदी हैं।” अपने भाषण के बाद चिराग पीएम के पास पहुंचे और पांव छूकर उनका आशीर्वाद लिया जिसपर पीएम ने उन्हें गले से लगा लिया।



मोदी जी जब तक पीएम हैं, देश किसी के सामने नहीं झुकेगा: पवन कल्याण

पवन कल्याण ने कहा- ‘प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, जनसेना की ओर से मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। और मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे 2014 में उसी स्थान पर रहने का अवसर मिला, जहां चंद्रबाबू नायडू जी ने कहा था कि आप मोदी जी को इस देश पर 15 वर्षों तक शासन करते हुए देखेंगे और ऐसा हो रहा है सर। मोदीजी आपने वास्तव में देश को प्रेरित किया है। मोदी जी, जब तक आप इस देश के प्रधानमंत्री हैं, हमारा देश कभी किसी के सामने नहीं झुकेगा।’ उन्होंने चंद्रबाबू नायडू के उस पुराने बयाने का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा कि पीएम मोदी 15 सालों तक पीएम रहेंगे, और कहा कि आज वैसा ही हो रहा है।