देवरिया। महाराष्ट्र की राजनीति में कुछ दिनों से चल रहे उथल-पुथल के बीच रविवार को एक और बड़ा उलटफेर हुआ है। एनसीपी नेता अजित पवार रविवार दोपहर शिवसेना की शिंदे सरकार में शामिल हो गए। पवार ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। उनके साथ 8 और विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। अजित पवार ने अपना ट्विटर बायो भी बदलकर डिप्टी सीएम ऑफ महाराष्ट्र लिख लिया है।


अजित पवार ने पांचवीं बार डिप्टी सीएम की शपथ ली
अजित पवार ने पांचवीं बार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। महाराष्ट्र में जब एनसीपी और कांग्रेस की गठबंधन की सरकार थे तब अजित 2 बार डिप्टी सीएम रहे। इसके बाद जब उन्होंने फडणवीस के साथ सरकार बनाई थी तब डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। इसके ठीक 2 दिन बाद उद्धव ठाकरे की सरकार बनने पर फिर डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी और अब पांचवीं बार उन्होंने शिंदे सरकार में उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। अजित पवार के साथ विधायक छगन भुजबल, धनंजय मुंडे, अनिल पाटिल, दिलीप वलसे पाटिल, धर्मराव अत्राम, सुनील वलसाड, अदिति तटकरे और हसन मुश्रीफ भी राजभवन पहुंचे थे। सभी ने मंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान देवेंद्र फणनवीस भी मौजूद रहे।

डिप्टी सीएम बनने के बाद अजित पवार ने क्या कहा
डिप्टी सीएम बद की शपथ लेने के बाद अजित पवार ने कहा- “मंत्रिमंडल का और विस्तार होगा, कुछ और मंत्री सरकार में शामिल हो सकते हैं। कई दिनों से इस बारे में बातचीत चल रही थी। पीएम मोदी देशके विकास के लिए 9 सालों से कई काम कर रहे हैं। मुझे लगा कि हमें भी उनका साथ देना चाहिए। इसलिए मैंने NDA में शामिल होने का फैसला किया। महाराष्ट्र को विकास करने वाला नेतृत्व चाहिए। भुजबल और मैंने विकास को तवज्जो दी है। केंद्र का सहयोग और पैसा महाराष्ट्र को मिलता रहे इसलिए हमने यह फैसला किया है। आगे के सभी चुनाव हम पार्टी के सिंबल और पार्टी के नाम पर ही लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कई लोग हमारी आलोचना करेंगे परन्तु हम उसे महत्व नहीं देते। हम महाराष्ट्र की प्रगति के लिए काम करते रहेंगे। इसीलिए हमने यह निर्णय लिया है। हमारे अधिकांश विधायक हमारे फैसले से संतुष्ट हैं। हमने NCP पार्टी के साथ इस सरकार का समर्थन किया है। हम सभी चुनाव NCP के नाम पर ही लड़ेंगे।


विपक्ष के साथ मिलकर लड़ा जाएगा 2024 का चुनाव: शरद पवार
NCP अध्यक्ष शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा- “ये पार्टी मैंने बनाई थी। पार्टी के कार्यकर्ताओं पर मुझे पूरा विश्वास है। मैं महाराष्ट्र में घूमकर कार्यकर्ताओं को एकजुट करूंगा। अजित ने पार्टी से बगावत की है, हम 2024 का विधानसभा चुनाव विपक्ष के साथ मिलकर लड़ेंगे।” उन्होंने कहा कि ये गुगली नहीं है, ये रॉबरी है। ये छोटी बात नहीं है।