देवरिया। अमेरिकी स्पेस एजेंसी NASA ने अंतरिक्ष से ली गई पृथ्वी की बेहद खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों को देखकर लोग हैरान भी हैं और खुश भी, क्योंकि इनमें हमारी धरती एकदम अलग अंदाज में नजर आ रही है।

अंतरिक्ष से ‘नीला गोला’ दिखी धरती

इन तस्वीरों में पृथ्वी गहरे अंधेरे अंतरिक्ष के बीच एक चमकते हुए नीले गोले की तरह दिखाई दे रही है। एक फो.टो में अटलांटिक महासागर का विशाल नीला विस्तार साफ नजर आता है। इसके चारों ओर वायुमंडल की हल्की सी चमक दिख रही है, जो इसे और भी खूबसूरत बना रही है। खास बात ये है कि दोनों ध्रुवों पर हरे रंग की ऑरोरा भी दिखाई दे रही है, जो इस नजारे को और खास बना देती है।

Artemis II मिशन के दौरान ली गई तस्वीर

NASA के मुताबिक, ये तस्वीरें Artemis II मिशन के कमांडर रीड वाइजमैन ने उस वक्त लीं, जब अंतरिक्ष यान ने अपना अहम इंजन बर्न पूरा कर लिया था। इसी दौरान अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा से बाहर निकलकर चांद की ओर बढ़ रहा था।

 पृथ्वी की कक्षा से बाहर निकला यान

इन तस्वीरों में पृथ्वी उल्टी दिखाई दे रही है, जिसमें पश्चिमी सहारा और दक्षिण अमेरिका का हिस्सा साफ नजर आता है। यह तस्वीर उस समय ली गई, जब ‘ट्रांस-लूनर इंजेक्शन’ प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी।
इस प्रक्रिया के बाद ओरियन स्पेसक्राफ्ट पृथ्वी की कक्षा से बाहर निकल गया और चांद की तरफ अपनी यात्रा शुरू कर दी।

 50 साल बाद चांद के करीब इंसान

Artemis II मिशन खास इसलिए भी है क्योंकि 1972 के अपोलो मिशन के बाद पहली बार इंसान पृथ्वी की कक्षा से बाहर निकला है। यह मिशन एक खास रास्ते पर जाएगा, जहां से अंतरिक्ष यात्री चांद के दूसरी तरफ जाकर फिर पृथ्वी पर लौटेंगे।

तय समय में वापसी की योजना

योजना के मुताबिक, 6 अप्रैल को यह यान चांद के दूसरी ओर से गुजरेगा और 10 अप्रैल तक वापस पृथ्वी पर लौट आएगा।
इस मिशन को भविष्य के चंद्र मिशनों के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।